बल्केश्वर का पार्वती घाट जल्द लेगा भव्य रूप, सीएम योगी ने प्रोजेक्ट संग धनराशि भी मंजूर की

आगरा। आगरा में यमुना नदी के पार्वती घाट का नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण जल्द ही शुरू होने जा रहा है। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने यह जानकारी देते हुए बताया है कि बल्केश्वर मंदिर के निकट महालक्ष्मी मंदिर से पार्वती घाट तक नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर स्वीकृत हो गया है। यह निर्माण कार्य सी. एंड डी.एस. उत्तर प्रदेश जल निगम द्वारा कराया जाएगा।

Aug 9, 2025 - 20:03
 0
बल्केश्वर का पार्वती घाट जल्द लेगा भव्य रूप, सीएम योगी ने प्रोजेक्ट संग धनराशि भी मंजूर की

विधायक खंडेलवाल के अनुसार, इस परियोजना के लिए शासन ने 9.5 करोड़ रुपये की धनराशि भी मंजूर कर दी है। इस राशि से मिट्टी का बंधा, बेंच, ऑक्टोजोनल छतरी, घाट का रिनोवेशन, टॉयलेट व चेंजिंग रूम, सीढ़ियां और प्लेटफार्म आदि का निर्माण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यह कार्य जुलाई 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा कैलाश मंदिर पर भी भी घाट के नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण की योजना स्वीकृत हो चुकी है। इसके साथ ही दयालबाग क्षेत्र में एक और घाट का निर्माण प्रस्तावित है।

विधायक खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्वती घाट का नवीनीकरण न केवल स्थानीय लोगों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि यमुना किनारे पर्यटन को भी एक नया आयाम देगा।

SP_Singh AURGURU Editor