सड़कों पर गरजा जुनून, रफ्तार ने भरी उड़ान: आगरा–झांसी–आगरा टीएसडी रैली का भव्य शुभारंभ, 77 प्रतिभागियों ने दिखाया साहस, अनुशासन और एडवेंचर का अद्भुत संगम
आगरा। एडवेंचर, अनुशासन और उत्साह का शानदार संगम बनी आगरा–झांसी–आगरा टीएसडी रैली का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। मोटर स्पोर्ट्स क्लब, आगरा जिला प्रशासन, नगर निगम एवं उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय आगरा ताज कार रैली 2026 को जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कार रैली ड्राइवर संजय टकले ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


फतेहाबाद रोड स्थित होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट से शुरू हुई इस रोमांचक टीएसडी (टाइम, स्पीड, डिस्टेंस) रैली में देशभर से आए प्रतिभागियों का जोश देखते ही बन रहा था। पहले चरण में प्रतिभागियों ने लगभग 100 किलोमीटर का सफर तय किया। यह मार्ग कोर्टयार्ड बाय मैरियट से प्रारंभ होकर यूपीएमआरसी कास्टिंग यार्ड, एत्मादपुर, माजरा अंडरपास, केपीएस टाउनशिप रोहता, आगरा बाईपास, ग्वालियर रोड, रिठौरा, नगला परमल होते हुए पुनः आगरा बाईपास से होते हुए प्रारंभिक स्थल पर समाप्त हुआ। यह चरण पूर्णतः आगरा मंडल में सम्पन्न हुआ।
शनिवार सुबह 6:00 बजे रैली का दूसरा चरण झांसी के लिए रवाना होगा। तीन दिवसीय इस एडवेंचर रैली में कुल 77 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 52 कार चालक और 25 बाइक राइडर शामिल हैं। उल्लेखनीय बात यह है कि इसमें 30 महिलाएं भी प्रतिभाग कर रही हैं, जो मोटर स्पोर्ट्स में महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दे रही हैं।
प्रतिभागी देश के विभिन्न हिस्सों आगरा, चिकमंगलूर, कोयंबटूर, देहरादून, दिल्ली, तमिलनाडु, गाजियाबाद, गुरुग्राम, ग्वालियर, हैदराबाद, जयपुर, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मथुरा, मेरठ, नोएडा, रोहतक और सिक्किम से आए हैं, जिससे यह आयोजन राष्ट्रीय स्वरूप ग्रहण करता दिखाई दिया।
संजय टकले: उम्र को चुनौती देता जज्बा
विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित अंतरराष्ट्रीय रैली ड्राइवर संजय टकले भारत के एकमात्र ऐसे कार रेसर हैं जिन्होंने सऊदी अरब में आयोजित विश्व की सबसे बड़ी कार रैली में प्रतिभाग किया है। 58 वर्ष की आयु में उन्होंने 2025 और 2026 में लगातार दो बार इस प्रतिष्ठित रैली में हिस्सा लिया और स्टेज विनर भी रहे। उनका अनुभव और आत्मविश्वास प्रतिभागियों के लिए प्रेरणास्रोत बना।
वर्दी का गौरव भी बना आकर्षण
रैली में देश के जवानों की भागीदारी ने आयोजन को और गौरवशाली बना दिया। नेवी के कमोडोर मनीष भंडारी उत्तराखंड से पहली बार 56 वर्ष की आयु में मारुति जिप्सी से रैली में शामिल हुए। आर्मी और नेवी के अन्य जवानों की मौजूदगी से रैली में देशभक्ति और साहस का भाव स्पष्ट नजर आया।
विविध क्षेत्रों की उल्लेखनीय सहभागिता
सिक्किम की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अन्नपूर्णा ऐली, एयर इंडिया के पायलट, गाजियाबाद की प्रोफेसर शालिनी (दूसरी बार प्रतिभागी), 63 वर्षीय जितेंद्र कुमार और 61 वर्षीय प्रदीप कुमार भी लगातार दूसरी बार रैली में भाग ले रहे हैं। गत वर्ष इन दोनों ने तीसरा स्थान प्राप्त किया था। सोशल मीडिया की चर्चित इंफ्लुएंसर रवजोत भला और अर्थ योग गुरुग्राम से जुड़े प्रतिभागी भी रैली का हिस्सा बने।
लक्जरी और एडवेंचर गाड़ियों का शानदार नज़ारा
रैली में मारुति जिप्सी, बीएमडब्ल्यू, डिफेंडर और टोयोटा हिलक्स जैसी लक्जरी एवं एडवेंचर गाड़ियों ने दर्शकों का ध्यान खींचा। कपल श्रेणी में छह टीमें और महिला वर्ग में आठ टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
खेल, पर्यटन और सड़क सुरक्षा का संदेश
मोटर स्पोर्ट्स क्लब के संरक्षक हरविजय सिंह बाहिया और चेयरमैन राममोहन कपूर ने बताया कि यह टीएसडी रैली रफ्तार नहीं, बल्कि सटीक टाइमिंग और अनुशासन की परीक्षा है। विजेताओं का चयन न्यूनतम टाइम पेनल्टी के आधार पर किया जाएगा। रैली का उद्देश्य उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा देना, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना और एडवेंचर स्पोर्ट्स को प्रोत्साहित करना है।
ये संभाल रहे हैं व्यवस्था
आयोजन की समस्त व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सचिव प्रशांत जैन, कोषाध्यक्ष रचित अग्रवाल, अध्यक्ष खेल अमित मित्तल, अर्पित अग्रवाल, सह सचिव करण अग्रवाल, सह कोषाध्यक्ष हेमंत जैन, उपाध्यक्ष मनोज खान, राम प्रताप सहित अन्य पदाधिकारी संभाल रहे हैं।