रंगों और रक्षासूत्रों में लहराया राष्ट्रप्रेम, छात्राओं ने बनाई तिरंगा राखी, सजाई देशभक्ति रंगोली
आगरा। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व राष्ट्रीय भावनाओं के संचार और हर घर तिरंगा अभियान को सजीव रूप देने के लिए डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान संस्थान और छलेसर परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्राओं ने जहां तिरंगा थीम पर राखियों का निर्माण किया, वहीं रंगोली प्रतियोगिता में राष्ट्रीय चेतना के रंग बिखेरे गए।
गृह विज्ञान संस्थान में कुलपति प्रो. आशु रानी के मार्गदर्शन में तिरंगा राखी कार्यक्रम हुआ, जिसमें छात्राओं ने अपने रचनात्मक हुनर का प्रदर्शन किया। उत्पल और अरसला द्वारा एयर ड्राई क्ले से बनाई गई विशेष तिरंगा राखी कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण रहीं। इस आयोजन के दौरान प्रो. अर्चना सिंह (डीन, गृह विज्ञान), डॉ. नीलम यादव, डॉ. नम्रता मिश्रा, मिस इरमीन फरहत अली और डॉ. प्रीति सिंह ने छात्राओं को तिरंगा थीम पर राखी बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कविता सिंह ने किया।
इस अवसर पर संस्थान की अन्य शिक्षिकाएं डॉ. दीप्ति सिंह, डॉ. नेहा सक्सेना, डॉ. अनुपमा गुप्ता, डॉ. प्रिया यादव, डॉ. रश्मि शर्मा और डॉ. प्रीति यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही। छात्राओं ने राखी निर्माण के माध्यम से देशप्रेम की अभिव्यक्ति की और रक्षा सूत्र को राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताया।
इसी क्रम में छलेसर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस परिसर में कुलपति प्रो. आशु रानी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कृषि विभाग के समन्वय में हुए इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंग-बिरंगी देशभक्ति रंगोलियां सजाईं, जो दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनीं।
रोली चौधरी, मेघा वशिष्ठ, साक्षी भट्ट और मुकुल चौधरी ने विशेष रूप से मनमोहक रंगोलियों का निर्माण कर राष्ट्रप्रेम को कलात्मक रूप प्रदान किया। कार्यक्रम में डॉ. एस.के. सिंह (कार्यक्रम अधिकारी, एनएसएस), डॉ. कार्तिक तोमर, डॉ. सौरभ शर्मा, डॉ. अभिलाष सिंह, डॉ. नरेंद्र कुमार, डॉ. मनीष शर्मा, डॉ. महेश फौजदार, उरदेव सिंह तोमर, डॉ. नरेंद्र पाल सिंह, रवि वर्मा, नीरज जौहरी और ऋषि जैन की सक्रिय उपस्थिति रही।