पीसीएस प्री की पहली पाली की परीक्षा शुरू  

    आगरा। आगरा में पीसीएस प्री की पहली पाली की परीक्षा जिले के 41 केंद्रों पर सुबह से प्रारंभ हो चुकी है। प्री परीक्षा में इतनी सघन तलाशी ली गई कि परीक्षार्थी भी हैरान थे। इन परीक्षा केंद्रों पर कुल 17951 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। दूसरी पाली की परीक्षा ढाई बजे से होगी।

Dec 22, 2024 - 10:08
Dec 22, 2024 - 10:15
 0
पीसीएस प्री की पहली पाली की परीक्षा शुरू   

-जिले में 41 केंद्रों पर लगभग 18 हजार अभ्यर्थी दे रहे हैं प्री परीक्षा

-सघन तलाशी के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया

पीसीएस प्री परीक्षा को शांति से और नकलविहीन कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने इस बारे में पहले ही संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी थीं। सभी अभ्यर्थियों को पहले ही सूचित कर दिया गया था कि वे परीक्षा के निर्धारित समय से डेढ़ घंटे पहले ही परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाएं।

कड़कड़ाती ठंड में अभ्यर्थी निर्धारित समय से पहले ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंच चुके थे। परीक्षा केंद्रों के बाहर चेकिंग के लिए खड़ी टीमें हर अभ्यर्थी की सघन तलाशी के बाद ही केंद्र में प्रवेश दे रही थीं। सख्ती यहां तक थी कि महिला अभ्यर्थियों को आभूषण पहनकर भी केंद्र में प्रवेश करने की मनाही थी। महिला अभ्यर्थी केंद्र में प्रवेश से पहले अपने आभूषण उतारकर साथ में आए परिवारीजनों को सौंपकर अंदर जा रही थीं।

प्रत्येक केंद्र पर महिला पुलिस भी तैनात की गई थी। बहुत से अभ्यर्थियों ने इस बात पर आपत्ति जताई कि इतनी ठंड में भी जैकेट तक उतरवाई जा रही है, लेकिन उनकी एक नहीं सुनी गई। किसी भी तरह का इलेक्ट्रिक गैजेट ले जाने की भी मनाही थी। प्रत्येक अभ्यर्थी के प्रवेश पत्र के साथ ही एक पहचान पत्र भी देखा जा रहा था ताकि यह पता चल सके कि वह वास्तविक अभ्यर्थी है। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटे पहले तक सभी अभ्यर्थियों की चेकिंग के बाद परीक्षा केंद्रों के गेट बंद किए जा चुके थे।

चूंकि लगभग 18 हजार परीक्षार्थी शहर में आए हुए हैं। उनके साथ उनके परिवारीजन भी हैं, इसलिए परीक्षा केंद्रों से जुड़े मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष टीमें लगाई गई हैं।

पीसीएस प्री की परीक्षा दो पालियों में होनी है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 से प्रारंभ हो चुकी है जो 11.30 बजे तक चलेगी। दूसरी पाली की परीक्षा 2.30 बजे से प्रारंभ होकर सायं 4.30 तक चलेगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक अधिकारी की भी तैनाती की गई है।

SP_Singh AURGURU Editor