पेट्रोल पंप कर्मचारी ने खुद को मारी गोली, परिजनों ने हत्या की जताई आशंका
आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र की अवधपुरी चौकी अंतर्गत स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक ने देर रात पेट्रोल पंप के दफ्तर में कथित रूप से तमंचे से अपनी कनपटी पर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे अन्य कर्मचारियों ने युवक को लहूलुहान हालत में देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान भगवती विहार, बोदला निवासी पिंटू के रूप में हुई है, जो बोदला-बिचपुरी रोड पर स्थित पेट्रोल पंप पर कार्यरत था। रविवार देर रात करीब 1:30 बजे यह घटना घटी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पिंटू के पिता नंदकिशोर भी उसी पंप पर काम करते हैं। परिजनों ने आत्महत्या की संभावना को नकारते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि पिंटू का किसी से कोई विवाद नहीं था, वह मानसिक रूप से भी परेशान नहीं था। ऐसे में यह आत्महत्या नहीं हो सकती।
इस संबंध में एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी ने बताया कि मृतक के पास से एक मोबाइल मिला है, जो लॉक है। उसे अनलॉक कर जानकारी निकाली जाएगी। घटनास्थल से तमंचा बरामद हुआ है। पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।