आगरा में नाबालिग के हाथ में तमंचा थमाकर फोटो वायरल, मलपुरा पुलिस ने युवक पर दर्ज किया मुकदमा
आगरा। नाबालिग किशोर को हथियार थमाकर उसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में थाना मलपुरा पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। किशोर के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आगरा। नाबालिग किशोर को हथियार थमाकर उसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में थाना मलपुरा पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। किशोर के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने इसे बाल सुरक्षा कानून और आर्म्स एक्ट का गंभीर उल्लंघन मानते हुए तत्काल संज्ञान लिया। जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक ने नाबालिग किशोर के हाथ में अवैध तमंचा देकर उसकी फोटो खिंचवाई और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिससे किशोर की सुरक्षा और भविष्य दोनों पर खतरा उत्पन्न हो गया।
किशोर के परिजनों ने थाना मलपुरा में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। तहरीर के आधार पर थाना मलपुरा पुलिस ने आरोपी युवक के विरुद्ध आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी मलपुरा विनोद कुमार मिश्रा ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों को हथियारों से जोड़ना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि तमंचा आरोपी युवक के पास कहां से आया और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन समाज के लिए बेहद खतरनाक प्रवृत्ति है और इस तरह की हरकतों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।