पितृ पक्ष शुरू, तर्पण को यमुना व चंबल पर उमड़ी लोगों की भीड़
आगरा/ पिनाहट। सुबह अनंत चतुर्दशी की पूजा के बाद भाद्रपद माह समाप्त होते ही पितृपक्ष शुरू हुआ। इस अवसर पर कई लोगों ने नदियों पर पहुँचकर तर्पण किया। पितृ पक्ष में लोग अपने पितरों या पूर्वजों के प्रति सम्मान प्रकट कर उन्हें याद करते हैं। हिंदू धर्म में पितृ पक्ष को बहुत अहम माना जाता है। पितृ पक्ष के दौरान हिंदू धर्म में कोई नया कार्य नहीं किया जाता। पितृ पक्ष में लोग अपने पूर्वजों को याद करके उनकी आत्मा की शांति के लिए पिंडदान, तर्पण, श्राद्ध कर्म करते हैं।
मान्यता है कि पितृपक्ष में श्राद्ध कर्म से पूर्वज प्रसन्न होते हैं और अपने वंशजों को सफलता, सुख-समृद्धि प्रदान करते हैं। मंगलवार से शुरू हुए पितृपक्ष में जल तर्पण करने के लिए सैकड़ो की संख्या में यमुना और चंबल नदी के घाट पर सुबह से ही लोग पहुंच गए। उन्होंने अपने पितरों को जल तर्पण किया। वही चंबल किनारे भारी कीचड़ होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।