स्वदेशी से सशक्त भारत का संकल्प : भाजपा महिला मोर्चा की कार्यशाला में गूंजा आत्मनिर्भरता का मंत्र

आगरा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत ब्रज क्षेत्र की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन बुधवार को होटल आशीष पैलेस में किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, राज्यसभा सांसद व महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष गीता शाक्य, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय शाक्य, महिला मोर्चा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष मधुलिका राघव, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता एवं जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Oct 15, 2025 - 19:02
 0
स्वदेशी से सशक्त भारत का संकल्प : भाजपा महिला मोर्चा की कार्यशाला में गूंजा आत्मनिर्भरता का मंत्र
आगरा में आयोजित भाजपा महिला मोर्चा की कार्यशाला को संबोधित करते प्र्देश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी। । इसी कार्यक्रम की अन्य तस्वीरें।

-हर भारतीय बने आत्मनिर्भर भारत का सिपाही – भूपेंद्र चौधरी, स्वदेशी अपनाएं, आत्मनिर्भर भारत बनाएं – गीता शाक्य

भूपेंद्र चौधरी बोले — आत्मनिर्भरता, राष्ट्र सेवा का दूसरा नाम

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत आज केवल एक राष्ट्र नहीं, बल्कि एक संकल्पित शक्ति बन चुका है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता केवल आर्थिक नीति नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा, “हमारा हर भारतीय, आत्मनिर्भर भारत का सिपाही बने। स्वदेशी उत्पादों का उपयोग बढ़ाएं, आयात घटाएं और निर्यात बढ़ाएं। इससे देश का हर मजदूर, हर कारीगर सम्मान के साथ जी सकेगा।

महिलाओं के स्वदेशी योगदान से साकार होगा आत्मनिर्भर भारत : गीता शाक्य

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी पूरा होगा जब देश की आधी आबादी – महिलाएं – स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर उनका प्रसार करेंगी। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा जनजागरण अभियान चलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी को अपनाओ संकल्प को घर-घर तक पहुंचाएगा।
गीता शाक्य ने कहा, जब हर घर में बनी चीजें हर हाथ में होंगी, तभी भारत सशक्त होगा। महिलाएं आत्मनिर्भरता की सबसे बड़ी धुरी हैं — उन्हें केवल उपभोक्ता नहीं, उत्पादक की भूमिका भी निभानी होगी।

स्वदेशी ही आत्मनिर्भरता की नींव

कार्यशाला में यह संदेश दिया गया कि आत्मनिर्भरता की वास्तविक शक्ति घरेलू उद्योगों, कुटीर उद्यमों और महिलाओं की भागीदारी से आती है। स्थानीय उत्पादन और हस्तशिल्प को बढ़ावा देकर ही भारत वैश्विक बाजार में अपनी पहचान को सशक्त कर सकता है।

कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति

कार्यशाला में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान, विधायक अंजुला माहौर, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, सीमा उपाध्याय, निर्मला दीक्षित, पूनम बजाज, संघमित्रा मौर्य, पंकजा शर्मा, उपमा गुप्ता, रंजना पवार, हेमलता अग्रवाल, सुनीता सारस्वत, प्रवीणा राजावत, निधि पाठक और निधि शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
कार्यशाला के समापन पर आत्मनिर्भरता संकल्प गीत प्रस्तुत किया गया और सभी कार्यकर्ताओं ने स्वदेशी से सशक्त भारत का संकल्प लिया।

SP_Singh AURGURU Editor