बोन एंड ज्वाइंट वीक में वृद्धजनों के लिए सेवा का संकल्प, आगरा में एल्डरली क्लीनिक की शुरुआत
आगरा। वृद्धजनों की सेवा को समर्पित बोन एंड ज्वाइंट वीक के अंतर्गत सोमवार को आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी ने "ओल्ड इज गोल्ड – केयर फॉर एल्डरली" अभियान के तहत एक अनूठी पहल की शुरुआत की। शहर के आठ प्रमुख अस्पतालों में एक साथ एल्डरली क्लीनिक का शुभारंभ किया गया। इसमें वरिष्ठ नागरिकों को हड्डियों से जुड़ी बीमारियों के लिए निःशुल्क परामर्श, यूरिक एसिड व बीएमडी जांच, तथा एक्स-रे जैसी सेवाएं प्रदान की गईं।
खंदारी स्थित ओम मेडिकल कॉम्पलेक्स में इस क्लीनिक का उद्घाटन डिप्टी सीएमओ डॉ. पीयूष जैन, सोसाइटी अध्यक्ष डॉ. अतुल अग्रवाल और सचिव डॉ. अनुपम गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। डॉ. जैन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति ऐसा समर्पण अनुकरणीय है।
इस मौके पर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक हड्डी स्वास्थ्य संबंधी पत्रक का विमोचन भी किया गया, जिसे शहरभर में वितरित कर जनजागरूकता लाई जाएगी। डॉ. अनुपम गुप्ता ने टीवी स्क्रीन के माध्यम से वृद्धजनों को हड्डियों से जुड़ी समस्याएं, उनके कारण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. अतुल अग्रवाल ने बताया कि यह क्लीनिक हर माह सभी सदस्य चिकित्सकों के क्लीनिकों पर आयोजित की जाएगी। इस दौरान आठ अस्पतालों- डॉ. अतुल अग्रवाल क्लीनिक (जिला जेल के सामने), गोयल सिटी हॉस्पिटल रामबाग, सार्थक हॉस्पिटल कमला नगर, चंद्रा हॉस्पिटल बाग फरजाना, सरन आश्रम हॉस्पिटल दयालबाग, ईश्वरी देवी हॉस्पिटल राजपुर चुंगी और लीलावती हॉस्पिटल आवास विकास में सेवा दी गई।
इस सेवा कार्यक्रम में डॉ. समीक्षा गुप्ता, यूडी शर्मा (भारत विकास परिषद), शैलेंद्र नाथ शर्मा (रोटरी क्लब आगरा), डॉ. आरके गुप्ता (एनेस्थीसिया संगठन), डॉ. विजय सिंह (बाल रोग विशेषज्ञ), डॉ. प्रमोद गुप्ता (रोटरी क्लब ऑफ डिवाइन) और प्रदीप शर्मा का उल्लेखनीय योगदान रहा।
सोसाइटी के अनुसार, 5 अगस्त को सुबह 7.30 से 8.30 बजे तक दयालबाग स्थित खेलगांव स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में "सन साइन इज लाइफ लाइन" थीम पर अगला कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्य वक्ता डॉ. सुशील गुप्ता (गोल्ड मेडलिस्ट, एमडी फिजीशियन) होंगे।