पीएम मोदी और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की मुलाकात, व्यापार और रणनीतिक साझेदारी पर हुई चर्चा

नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय रिश्तों को नई गति देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की मुलाकात सोमवार को प्रधानमंत्री आवास पर हुई। उपराष्ट्रपति वेंस चार दिवसीय भारत यात्रा पर अपने परिवार के साथ पहुंचे हैं। इस अनौपचारिक मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने आपसी विश्वास और सहयोग की गहराई को दर्शाते हुए कई अहम मुद्दों पर बातचीत की।

Apr 21, 2025 - 23:35
 0
पीएम मोदी और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की मुलाकात, व्यापार और रणनीतिक साझेदारी पर हुई चर्चा

प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर जनवरी में वाशिंगटन डीसी में हुई अपनी यात्रा और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई बातचीत का उल्लेख करते हुए संबंधों में हुई प्रगति पर संतोष जताया। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त कीं और उनके प्रस्तावित भारत दौरे का स्वागत किया।

पेरिस में फरवरी में हुई पिछली बैठक के बाद यह दूसरी उच्चस्तरीय वार्ता थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, ऊर्जा, रक्षा और रणनीतिक तकनीक जैसे प्रमुख क्षेत्रों में हो रही साझेदारी पर संतोष जताया। द्विपक्षीय व्यापार समझौते की दिशा में हो रही प्रगति पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत में दोनों देशों ने आगे की रणनीति पर विचार साझा किया।

विशेष रूप से ध्यान देने योग्य है कि अमेरिका द्वारा भारतीय उत्पादों पर लगाए गए अतिरिक्त टैरिफ को फिलहाल 90 दिनों के लिए रोक दिया गया है। इसे लेकर आर्थिक विश्लेषक इसे दोनों पक्षों के लिए "विन-विन स्थिति" मान रहे हैं।

हालांकि भारत ने दो टूक कहा है कि वह जल्दबाज़ी में कोई समझौता नहीं करेगा। भारतीय पक्ष का स्पष्ट मत है कि समझौता तभी संभव है जब देश की आर्थिक और रणनीतिक चिंताओं को उचित सम्मान दिया जाए। फरवरी में पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की बैठक में यह सहमति बनी थी कि 2025 तक व्यापार समझौते के पहले चरण पर काम पूरा किया जाएगा।

यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब भारत और अमेरिका के रिश्ते वैश्विक मंच पर नए युग में प्रवेश कर रहे हैं। दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी अब सिर्फ रक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि डिजिटल टेक्नोलॉजी, क्लीन एनर्जी और वैश्विक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों तक पहुंच बना रही है।

SP_Singh AURGURU Editor