पहलगाम में भारत की आत्मा पर हमला करने वालों को कल्पना से बड़ी सज़ा मिलेगी- मोदी
मधुबनी। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए भीषण आतंकी हमले को भारत की आत्मा पर हमले का दुस्साहस बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की आत्मा पर हमला करने वालों को उनकी कल्पना से भी बड़ी सज़ा दी जाएगी।
-हमला करने वाले आतंकवादियों के साथ साजिश रचने वालों को भी अकल्पनीय सजा देंगे
बिहार के मधुबनी जिले में पंचायती राज दिवस के अवसर पर आयोजित एक रैली में पीएम मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले पर पहली बार सार्वजनिक मंच से प्रतिक्रिया दी। प्रधानमंत्री का यह बयान उस वक्त आया है जब देश में आक्रोश का माहौल है और आमजन से लेकर तमाम संगठनों तक, सभी इस कायराना हमले के खिलाफ केंद्र सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
आतंकियों की बची खुची जमीन मिट्टी में मिलाने का समय आ गया
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, पूरे देश का दिल आज दुखी है। 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकवादियों ने मासूम देशवासियों को जिस बेरहमी से मारा है, उससे पूरा देश व्यथित है। कोटि-कोटि देशवासी दुखी हैं। इस हमले में किसी ने बेटा खोया है तो किसी ने अपना भाई। उन्होंने कहा कि यह हमला केवल पर्यटकों पर नहीं हुआ है, देश के दुशमनों ने भारत की आत्मा पर हमला करने का दुस्साहस किया है।
उन्होंने कहा कि जिन्होंने यह हमला किया है, उन आतंकियों को और इसकी साजिश रचने वालों को उनकी कल्पना से बड़ी सजा मिलेगी। सजा मिलकर रहेगी। उन्होंने कहा कि अब आतंकियों की बची खुची जमीन को भी मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है।
साथ खड़े देशों को दिया धन्यवाद
पीएम मोदी ने आगे कहा, जो मानवता पर विश्वास रखते हैं, वे सब आज भारत के साथ हैं। हम उन देशों का धन्यवाद करते हैं, जो इस मुश्किल घड़ी में हमारे साथ खड़े हैं। प्रधानमंत्री ने इस दौरान शांति, सुरक्षा और विकास को हर क्षेत्र तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई और साफ कर दिया कि आतंकवाद को अब किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पीएम मोदी ने अंग्रेजी में बोल दुनिया को भी बता दिया
पहलगाम के आतंकी हमले पर पीएम मोदी ने आज जो कुछ भी बोला, वह पहले हिंदी में था। बाद में वही बात उन्होंने अंग्रेजी में भी दुहराई। अंग्रेजी में दोहराने का मतलब अपना संदेश दुनिया भर में पहुंचाने का था। पीएम मोदी के आज के संदेश स्पष्ट है कि भारत अब रक्षात्मक नहीं, निर्णायक मोड में है। इस हमले को देश की आत्मा पर चोट करार देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकी सोच के समूल नाश की बात कही।