मथुरा में सेक्स रैकेट पर पुलिस का वार: होटल-गेस्ट हाउस पर 11 महिलाओं समेत 13 गिरफ्तार
मथुरा में पुलिस ने शुक्रवार को सेक्स रैकेट के दो अड्डों पर छापेमारी की। कोतवाली क्षेत्र के एक गेस्ट हाउस और थाना हाइवे में होटल पर यह कार्रवाई हुई। इस दौरान कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 11 महिलाएं शामिल हैं।
मथुरा। शहर और हाईवे क्षेत्र में अनैतिक गतिविधियों पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। सीओ सिटी आशना चौधरी के नेतृत्व में शुक्रवार को एक साथ दो स्थानों पर छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने कोतवाली क्षेत्र के सौंख रोड स्थित दीपक गेस्ट हाउस में दबिश दी। यहां से पांच महिलाओं, गेस्ट हाउस मालिक दीपक और एक युवक को गिरफ्तार किया गया।
इसी दौरान पुलिस ने हाईवे क्षेत्र के देव पैलेस होटल पर भी छापा मारा। छापेमारी की भनक लगते ही होटल मालिक मौके से भाग खड़ा हुआ। हालांकि, पुलिस ने यहां से छह महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी की कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की इस कार्रवाई से यह साफ़ हो गया कि शहर और उसके आसपास के होटल व गेस्ट हाउस में लंबे समय से सेक्स रैकेट सक्रिय था।
सीओ सिटी आशना चौधरी ने कहा कि उन्होंने ऐसे अनैतिक धंधों के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। इससे पहले भी कृष्णा नगर इलाके में छापेमारी कर कई महिलाओं और पुरुषों को पकड़ा जा चुका है। उन्होंने दोहराया कि ऐसे अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख़्त कानूनी कार्रवाई होगी।
फिलहाल पुलिस ने कोतवाली और थाना हाइवे में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।