बरेली के गांव में दो बेटियों की बरात पुलिस को निकलवानी पड़ी  

बरेली। सिरौली थाना क्षेत्र के ग्राम गिरधरपुर में अनुसूचित जाति के एक व्यक्ति के घर दो बेटियों की बरात चढ़ने को लेकर विवाद की स्थिति पैदा हो गई। विवाद बरात में एक गाना बजाने पर हुआ। इस गाने के बोल गांव की ही एक बिरादरी के लोगों को चुभ गए। बात चुभी तो घुडचढ़ी रोक दी गई। पुलिस के आने के बाद ही बरात आगे बढ़ सकी। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।

Oct 12, 2024 - 20:40
 0
बरेली के गांव में दो बेटियों की बरात पुलिस को निकलवानी पड़ी  


प्रभारी निरीक्षक सिरौली प्रयागराज सिंह ने बताया कि दबंगों द्वारा बरात की  घुड़चढ़ी रोकने सूचना मिलते ही उन्होंने मौके पर पहुंचकर बरात की रस्मों को पूरा करा दिया। दोनों पक्षों ने आपस में सुलह कर ली है। अब वहां कोई विवाद नहीं है। 
 
गिरधरपुर गांव के नरेश सागर की बड़ी बेटी की बरात बृहस्पतिवार को दिन में और छोटी बेटी की बरात रात में आनी थी। बड़ी बेटी की बरात अपराह्न चार बजे गांव पहुंची। गांव से थोड़ी दूर पहले से बैंड बाजे के साथ बरात चढ़ने लगी। इसी दौरान एक बिरादरी से संबंधित गाना बजा दिया गया। गांव के सवर्ण बिरादरी के कुछ युवकों ने इसका विरोध करते हुए बरात रोक दी। दोनों पक्षों में नोकझोंक हो गयी। 

 इसके कुछ देर बाद बाद  नरेश की दूसरी बेटी की बारात भी गांव पहुंच गई। दबंगों ने इस बार बरात को अपने मोहल्ले से गुजरने से ही रोक दिया। पुलिस को इसकी सूचना दी गयी।

पुलिस के लोगों को समझाकर बरात  निकलवाई। नरेश ने बड़ी बेटी को बृहस्पतिवार रात में तो छोटी बेटी को शुक्रवार को दोपहर में विदा कर दिया।

SP_Singh AURGURU Editor