बरेली में ज़मीन विवाद गोलीबारी कांड में पुलिस-राजस्व अफसरों पर गिरी निलंबन की गाज
-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में कल भूमि विवाद ने जिस खून-खराबे का रूप ले लिया था, उसकी गाज राजस्व और पुलिस अधिकारियों पर गिरी है। आंवला तहसील के राजपुर कला गांव में दो पक्षों में हुई गोलीबारी में पांच लोग घायल हो गए थे। प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व निरीक्षक, क्षेत्रीय लेखपाल, हल्का दरोगा और दीवान को निलंबित कर दिया गया, वहीं थानाध्यक्ष अलीगंज को हटा कर क्राइम ब्रांच में भेजा गया है।
गांव में ताबड़तोड़ फायरिंग, पांच लोग घायल
13 सितम्बर को दोपहर करीब 3 बजे राजपुर कला गांव में जमीन कब्जेदारी को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते गोलीबारी शुरू हो गई। इस घटना में एक पक्ष से सुरेश पाल सिंह (60), वीरेश पाल (70) और अनूप (16) घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से अतुल (30) और राहुल (25) घायल हुए। सभी का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
भूमि विवाद की पृष्ठभूमि
ग्राम राजपुर कला के गाटा संख्या 282, रकबा 2.731 हेक्टेयर, संक्रमणीय भूमिधरी श्रेणी-1 (क) की भूमि पर विवाद चल रहा है। खतौनी में दर्ज मालिकों के बीच लंबे समय से तनातनी है। संपूर्ण समाधान दिवस में भी शिकायत दर्ज की गई थी, लेकिन मौके पर पहुंचे राजस्व निरीक्षक वेद प्रकाश भास्कर और लेखपाल महेंद्र ने स्थिति की गंभीरता उच्च अधिकारियों को नहीं बताई। इसी लापरवाही के चलते दोनों को निलंबित किया गया।
पुलिस और प्रशासन ने दिखाई सख्ती
जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस घटना को गंभीर मानते हुए रातों-रात कार्रवाई की। राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को निलंबित किया गया। हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार और बीट आरक्षी शहनवाज को निलंबित कर विभागीय जांच बैठाई गई। थानाध्यक्ष अलीगंज रजित राम को पद से हटाकर क्राइम ब्रांच में भेजा गया।
सात गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
पुलिस ने गोलीबारी मामले में अब तक सात लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शेष नामजद आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। कुल 25 लोगों के खिलाफ थाना अलीगंज में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि पुलिस की लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई न करने की वजह से घटना हुई, जिसके दोषी अफसरों पर तुरंत कार्रवाई की गई है।