पुलिस बनी फरिश्ता, कार में बेसुध युवक को समय रहते बचाया

सिकंदरा के सुनारी चौराहे के पास कार में बेसुध मिले किरावली निवासी युवक मनोज कुमार ने कथित तौर पर ब्लेड से दोनों हाथों की नसें काटकर जान देने की कोशिश की। गश्त कर रहे प्राची टावर चौकी प्रभारी कपिल कुमार ने युवक को कार में देखा और शीशा तोड़कर बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद उसे यथार्थ अस्पताल की आईसीयू में भर्ती कराया गया। कार से ब्लेड और सुसाइड नोट बरामद हुआ है।

Sep 13, 2026 - 10:27
 0
पुलिस बनी फरिश्ता, कार में बेसुध युवक को समय रहते बचाया
कार में बेसुध मिले युवक का अस्पताल में इलाज करते चिकित्सक।

सुनारी चौराहे पर कार में जिंदगी की आखिरी जंग लड़ रहा था युवक, पुलिस ने शीशा तोड़कर बचाई जान

आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र में पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से एक युवक की जान बच गई। सुनारी चौराहे के पास गश्त के दौरान पुलिस को एक कार में युवक बेसुध हालत में पड़ा दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने जब कार के अंदर झांककर देखा तो युवक के दोनों हाथों से खून निकल रहा था। प्रथम दृष्टया सामने आया कि युवक ने ब्लेड से अपने हाथों की नसें काटकर जान देने की कोशिश की थी।

प्राची टावर चौकी प्रभारी कपिल कुमार की नजर गश्त के दौरान संदिग्ध हालत में खड़ी कार पर पड़ी। उन्होंने कार के अंदर युवक को बेसुध देखा तो तत्काल स्थिति को समझते हुए पुलिसकर्मियों के साथ कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद युवक को बाहर निकालकर तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया।

पुलिस ने बिना समय गंवाए युवक को उपचार के लिए यथार्थ अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आईसीयू में भर्ती कर लिया। समय रहते पुलिस के पहुंचने से युवक को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सकी और उसकी जान बच गई। पुलिस को कार की तलाशी के दौरान एक ब्लेड भी बरामद हुआ। इसके अलावा कार की ड्रॉअर से सुसाइड नोट मिलने की बात भी सामने आई है। युवक की पहचान कार से मिले आधार कार्ड के आधार पर किरावली निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने युवक के परिजनों से संपर्क किया। फिलहाल युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सुसाइड नोट के आधार पर युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने के पीछे की वजहों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, चौकी प्रभारी कपिल कुमार की सतर्कता के चलते युवक को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका। गश्त के दौरान कार पर पड़ी नजर और तत्काल कार्रवाई ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया।