आगरा में सियासी संग्राम, सेंट जोंस चौराहे पर भाजपा–कांग्रेस आमने-सामने, पुतला दहन से बढ़ा तनाव

आगरा में भाजपा युवा मोर्चा द्वारा कांग्रेस कार्यालय के घेराव के ऐलान के बाद सेंट जोंस चौराहे पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को रोकते हुए टकराव टाल दिया। इस दौरान राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया और करीब 30 मिनट तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हालात को नियंत्रित किया गया।

Feb 21, 2026 - 20:46
 0
आगरा में सियासी संग्राम, सेंट जोंस चौराहे पर भाजपा–कांग्रेस आमने-सामने, पुतला दहन से बढ़ा तनाव
भाजपाई और कांग्रेसी आमने-सामने।

कांग्रेस कार्यालय के घेराव से पहले ही बढ़ी हलचल, पुलिस ने रोका 

आगरा। आगरा में शनिवार को राजनीतिक तापमान उस समय अचानक बढ़ गया जब भाजयुमो  ने कांग्रेस कार्यालय के घेराव का ऐलान किया। दोपहर करीब 2 बजे राजा मंडी स्थित कार्यालय की ओर कूच करने निकले कार्यकर्ताओं को सेंट जोंस चौराहे पर पुलिस ने रोक लिया। घेराव की घोषणा पहले से होने के कारण कांग्रेस के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए थे। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

10 कदम की दूरी पर टकराव, 30 मिनट तक चला तनाव

सेंट जोंस चौराहे पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय से महज 10 कदम की दूरी पर थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। नाराज कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और चौराहे पर उनका पुतला फूंक दिया। पुलिस ने पुतला छीनने की कोशिश की, लेकिन कुछ कार्यकर्ताओं ने पीछे हटकर दूसरे पुतले में आग लगा दी। करीब 30 मिनट तक चले इस घटनाक्रम के दौरान एमजी रोड पर जाम जैसी स्थिति बन गई और माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।

भारत की मजबूती कांग्रेस को पच नहीं रही – युवा मोर्चा

भाजपा युवा मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री गौरव राजावत के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कांग्रेस पर तीखे आरोप लगाए गए। उनका कहना था कि कांग्रेस वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती साख से असहज है और विरोध के नाम पर देश की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रही है। युवा मोर्चा अध्यक्ष प्रियांशु दत्त द्विवेदी ने पहले ही प्रदर्शन का ऐलान किया था। प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देने और राहुल गांधी का पुतला दहन करने की बात कही गई।

कांग्रेस की तैयारी, पुलिस की चौकसी

घोषित कार्यक्रम को देखते हुए कांग्रेस कार्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। पुलिस ने दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को आमने-सामने आने से रोका और स्थिति को नियंत्रण में रखा। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान उग्र नारेबाजी और पुतला दहन ने माहौल को गरमा दिया। पुलिस की सतर्कता से बड़ा टकराव टल गया।