आगरा में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली उजागर, जगनेर सीएचसी में घायल महिला जमीन पर लिटा दी गई
आगरा। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। आगरा के जगनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क हादसे में घायल एक महिला को जमीन पर लेटे हुए देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद आमजन में नाराजगी है और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रियाएं दी हैं।
घटना सोमवार देर शाम की बताई जा रही है। महिला को सड़क हादसे घायल होने के बाद इलाज के लिए जगनेर सीएचसी लाया गया था। लेकिन अस्पताल में बेड न होने की बात कहते हुए उसे जमीन पर ही लिटा दिया गया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे घायल महिला स्वास्थ्य केंद्र के फर्श पर एक दरवाजे के नजदीक निढाल पड़ी हुई है। केंद्र के कर्मचारियों ने महिला को एक गद्दा तक उपलब्ध कराने की जरूरत महसूस नहीं की। महिला के साथ मौजूद एक अन्य महिला बेबस दिखाई दे रही है।
घायल महिला का वीडियो बनाने के बाद स्थानीय लोगों ने इस मामले को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि यह सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की असली तस्वीर है, जहां घायल को जमीन पर इलाज के लिए छोड़ दिया जाता है।
यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इसी स्वास्थ्य केंद्र पर पिछले महीने पांच वर्षीय बालक की समय पर ऑक्सीजन न मिलने से मौत हो चुकी है। उस मामले में भी बच्चे को प्राथमिक उपचार दिए बिना ही प्राइवेट क्लिनिक रेफर कर दिया गया था, जहां से उसे वापस सीएचसी लाया गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।