आगरा में गरीब बेटियां बनीं सुहागन, सर्वजातीय सामूहिक विवाह में दाम्पत्य सूत्र में बंधे 23 जोड़े

आगरा। सामाजिक सहयोग और मानवीय संवेदना का अद्भुत उदाहरण बने सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह में शनिवार को 23 नवयुगल जोड़े दांपत्य सूत्र में बंधे। गरीब और असहाय परिवारों की बेटियों के हाथ जब वरों के हाथों में सौंपे गए, तो पूरे वातावरण में मंगल गीत गूंज उठे।

Nov 1, 2025 - 19:13
 0
आगरा में गरीब बेटियां बनीं सुहागन, सर्वजातीय सामूहिक विवाह में दाम्पत्य सूत्र में बंधे 23 जोड़े
देवरी रोड स्थित जीएल रिसॉर्ट में आयोजित सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह में नवयुगल जोड़ो को आशीर्वाद देते जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर जगद्गुरु स्वामी यतींद्रानंद गिरि व अन्य अतिथि।

- समाज के सहयोग से खिले 23 घरों के दीये, वर-वधुओं को भेंट में मिली गृह उपयोगी वस्तुएं

एक साथ 23 जोड़ों ने लिया सात जन्मों का संकल्प

देवरी रोड स्थित जीएल रिसॉर्ट में आयोजित समारोह में 23 जोड़ों ने हवन कुण्ड में आहुतियां डाल एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर जगद्गुरु स्वामी यतींद्रानंद गिरी, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठा. जयवीर सिंह, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रौतान सिंह ने दीप प्रवज्ज्लन कर किया।

जब एक साथ 23 दूल्हों की बरात बैंड-बाजों के साथ निकली तो देवरी रोड पर उत्सव का दृश्य बन गया। घरों की छतों से पुष्पवर्षा हुई, ढोल-ताशों पर बाराती झूमते हुए विवाह स्थल पहुंचे।

विवाह संस्कार के बाद मंच पर वृंदावन से आए कलाकारों ने मयूर नृत्य और फूलों की होली की मनमोहक प्रस्तुति दी। समारोह में चारों ओर हर्ष, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम दिखाई दिया।

महामंडलेश्वर बोले- बेटी का हाथ जब समाज थामता है, ईश्वर भी आशीर्वाद देता है

महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरी ने कहा, जब किसी बेटी का हाथ किसी सच्चे वर के हाथ में समाज की सहायता से रखा जाता है, तब ईश्वर स्वयं आशीर्वाद देते हैं। विवाह केवल दो व्यक्तियों का मिलन नहीं, बल्कि संस्कारों, परिवारों और समाज का सुंदर संगम है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठा. जयवीर सिंह ने कहा कि सामूहिक विवाह समाज में समानता और सहयोग की मिसाल हैं। गरीब परिवारों की बेटियों को सम्मानपूर्वक विदा देना समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

हर नवविवाहित जोड़े को मिला गृह उपयोगी सामान

कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख ठा. लाखन सिंह ने बताया कि बेटियों की तरह सभी कन्याओं का विवाह कराया गया।
हर वर-वधू को प्लेटिना बाइक, डबल बेड, वाशिंग मशीन, टीवी, अलमारी, सोफा सेट, कूलर, बर्तन, कपड़े, किचन वेयर और चांदी की पायल-बिछुए भेंट किए गए।
सामूहिक प्रीतिभोज में हजारों लोगों ने प्रेमपूर्वक भोजन ग्रहण किया।

भावनाओं से भरा विदाई का क्षण

शाम को जब सभी बेटियों की नम आंखों से विदाई हुई, तो उपस्थित जनसमूह भावुक हो उठा। समारोह में भाजपा नेता मुनेंद्र जादौन, एडवोकेट नवल सिंह, प्रवीन पाठक, महताब सिंह चौहान, सुमित गर्ग, ठाकुर विनोद सिंह सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor