आलू संकट: 200 रुपये प्रति कुंतल अनुदान की मांग, मुख्यमंत्री से मिलने जाएगा प्रतिनिधिमंडल

आगरा। आलू की गिरती कीमतों से जूझ रहे किसानों को राहत दिलाने के लिए आगरा ग्रामीण कोल्ड स्टोरेज ऑनर्स एसोसिएशन ने सरकार से प्रति कुंतल 200 रुपये अनुदान देने की मांग उठाई है। फतेहाबाद रोड स्थित होटल अवनीश में आयोजित कार्यकारिणी बैठक में किसानों, व्यापारियों और कोल्ड स्टोरेज संचालकों ने एकजुट होकर संकट से उबारने के लिए ठोस कदम उठाने पर मंथन किया और शीघ्र ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात का निर्णय लिया।

Apr 13, 2026 - 21:58
 0
आलू संकट: 200 रुपये प्रति कुंतल अनुदान की मांग, मुख्यमंत्री से मिलने जाएगा प्रतिनिधिमंडल
ग्रामीण कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक में मौजूद कोल्ड स्टोरेज स्वामी, किसान और आलू व्यापारी।

गिरती कीमतों से किसानों की हालत खराब

बैठक का शुभारंभ आगरा कोल्ड स्टोरेज ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भुवनेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष कमलनयन फतेहपुरिया, अनुरंजन सिंघल, अजय शर्मा, सचिव अजय गुप्ता, कोषाध्यक्ष राजीव कंसल तथा आगरा ग्रामीण एसोसिएशन के अध्यक्ष अवनीशकांत गुप्ता द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

अध्यक्ष अवनीशकांत गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष आलू की अधिक पैदावार के चलते मंडियों में कीमतों में भारी गिरावट आई है, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा। यही कारण है कि किसान कोल्ड स्टोरेज से आलू निकालने में भी असमर्थ हैं।

निकासी, भुगतान और लागत- तीनों ने बढ़ाई चिंता

बैठक में भंडारित आलू की समयबद्ध निकासी सबसे बड़ी चुनौती बताई गई। साथ ही बाजार में मांग की कमी, परिवहन लागत में वृद्धि और विक्रय के बाद भुगतान में देरी को लेकर गंभीर चिंता जताई गई।
सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि व्यापारी किसानों का भुगतान तत्काल करें, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।

सरकार से 200 रुपये अनुदान की मांग

सचिव जगदीश मित्तल ने बताया कि संगठन ने सरकार से किसानों के हित में आलू पर प्रति कुंतल 200 रुपये अनुदान देने की मांग रखी है। इस मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेगा, ताकि आलू उत्पादकों को राहत और बाजार में स्थिरता मिल सके।

समन्वय से समाधान की दिशा

बैठक में किसानों, व्यापारियों और कोल्ड स्टोरेज संचालकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। सभी ने वर्तमान हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए समाधानपरक दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष मनोज नम्बरदार, कोषाध्यक्ष बच्चू सिंह जादौन, राजेश बंसल, ब्रजेश बंसल, कुशलपाल सिंह, शिवकुमार त्यागी, अमनप्रीत सिंह, मुकेश गुप्ता, अनिल दीक्षित, राजेंद्र कुमार जैन, योगेश गुप्ता, मोहन शर्मा, सत्येंद्र गुर्जर, राममोहन तोमर, गिरीश चंद गुप्ता, भगवती प्रसाद, सुभाष मुद्गल, दिनेश मित्तल, शैलेंद्र पाठक, अजय शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor