आलू बीज विवाद, कोल्ड स्टोर पर किसानों में बखेड़ा, अधिकारियों के सामने किसान भिड़े

आगरा। लखनऊ से आई टीम के निर्देश पर रविवार को एत्मादपुर के प्रकाश कोल्ड स्टोर पर एफ-1 आलू बीज का वितरण आयोजन किया गया, लेकिन वितरण के दौरान आपूर्ति और पारदर्शिता को लेकर तूल पकड़ गया और दो किसानों के बीच हाथापाई तक के हालात बन गए।

Nov 2, 2025 - 20:42
 0
आलू बीज विवाद,  कोल्ड स्टोर पर किसानों में बखेड़ा, अधिकारियों  के सामने किसान भिड़े
प्रकाश कोल्ड स्टोरेज पर अधिकारियों के साथ मौजूद किसान नेता मोहन सिंह चाहर ।

आगरा। लखनऊ से आई टीम के निर्देश पर रविवार को एत्मादपुर के प्रकाश कोल्ड स्टोर पर एफ-1 आलू बीज का वितरण आयोजन किया गया, लेकिन वितरण के दौरान आपूर्ति और पारदर्शिता को लेकर तूल पकड़ गया और दो किसानों के बीच हाथापाई तक के हालात बन गए।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार लखनऊ से कुल 440 कट्टे आलू बीज भेजे गए थे, लेकिन प्रकाश कोल्ड स्टोर पर केवल 218 कट्टे ही पहुंचे।  बाकी की खेप कथित तौर पर टुंडला में रुकी हुई बताई जा रही है। वितरण प्रभारी संजय यादव की मौजूदगी में उप जिलाधिकारी  सुमित कुमार, जिला उद्यान अधिकारी बैजनाथ सिंह और किसान नेता मोहन सिंह चाहर  ने किसानों की सहमति से प्राथमिकता पर्ची धारकों को, जिनका भुगतान पहले से जमा था, प्रति किसान 10—10 कट्टे आलू बीज वितरित किए।

फिर भी कुछ किसान कोल्ड पर रखे गए अन्य किस्मों  सूर्या, नीलकंठ, चिप्सोना  के बीज लेने से इनकार कर रहे हैं, जिससे तनाव और बढ़ा। इसी बीच जब कुछ किसानों ने आगे की खेप पर सवाल उठाए तो लाखन सिंह त्यागी और श्याम सुंदर परमार आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच जमकर गाली-गलौज हुई। उप जिलाधिकारी और मौके पर मौजूद पुलिस फोर्स के कारण मारपीट टल गई, वरना स्थिति और बिगड़ सकती थी। पुलिस ने माहौल शांत करने के बाद आगे की कार्रवाई टालते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।

किसान नेता मोहन सिंह चहार ने शनिवार शाम उद्यान विभाग के कार्यालय (संजय पैलेस) में लखनऊ से आई जांच टीम के विशेष सचिव देवेश कुशवाहा और संयुक्त निदेशक डा. सर्वेश कुमार से मुलाकात कर स्पष्ट जांच की मांग की है। उन्होंने कहा है कि आलू बीज वितरण में अनियमितताओं की गहन जाँच होनी चाहिए।  विशेषकर यह स्पष्ट किया जाए कि प्रकाश कोल्ड स्टोर पर सिर्फ 218 कट्टे ही क्यों पहुंचे।  टुंडला व एत्मादपुर-खंदौली क्षेत्रों में वितरण किसके निर्देश पर हुआ और किस-किस को बीज दिए गए।

स्थानीय किसानों ने यह भी कहा कि पारदर्शिता और तय सूची के अनुसार वितरण होना चाहिए।  यदि कोई खेल हुआ है तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाए। प्रशासन और उद्यान विभाग की लखनऊ टीम से हुई बात के बाद अब औपचारिक जांच की प्रक्रिया तेज करने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभागीय अधिकारी मामले की तकनीकी और लॉजिस्टिक्स जांच कर रहे हैं तथा आवश्यक होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।