अफगानिस्तान में 6.3 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, दहशत
इसी साल 31 अगस्त को पूर्वी अफगानिस्तान में पाकिस्तान सीमा के पास 6.0 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें बड़ी संख्या में मौतें हुई थीं। अब एक बार फिर से तेज भूकंप आया है। इससे अफगानिस्तान में दहशत है।
काबुल। उत्तरी अफगानिस्तान में 6.3 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया है। भूकंप के झटके पाकिस्तान और ईरान में भी महसूस किए गए हैं। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के खुल्म से 22 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में और 28 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। अभी तक भूकंप से किसी भी तरह के नुकसान की जानकारी नहीं है। हालांकि भूकंप की तीव्रता को देखते हुए बड़े पैमाने पर नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है। 6 से ज्यादा की तीव्रता के भूकंप को खतरनाक माना जाता है।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप सोमवार को स्थानीय समयानुसार रात 12:59 बजे आया। तत्काल किसी बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं है लेकिन सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरें नुकसान का इशारा कर रही हैं। सोशल मीडिया पर ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं, जिनमें सड़कों और गलियों में मलबा दिखाई दे रहा है। वहीं आम लोगों में भी भूकंप के बाद दहशत का माहौल है।
अफगानिस्तान में भूकंप लगातार आते रहते हैं। हालिया दिनों में खासतौर से तेज तीव्रता वाले भूकंप अफगानिस्तान में आए हैं। इस साल 31 अगस्त को पूर्वी अफगानिस्तान में पाकिस्तान सीमा के पास आए 6.0 तीव्रता के भूकंप में 2,200 से ज्यादा लोग मारे गए थे। इससे पहले 7 अक्टूबर, 2023 को 6.3 तीव्रता के भूकंप ने अफगानिस्तान में तबाही मचाई थी, जिसमें 4,000 से ज्यादा लोग मारे गए थे।
अफगानिस्तान भूकंपीय रूप से सक्रिय क्षेत्र में स्थित है, जिसके चलते यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं। हिंदू कुश पर्वत श्रृंखला यूरेशियन और भारतीय टेक्टोनिक प्लेटों के जंक्शन के पास स्थित होने से भूकंप ना सिर्फ बार-बार आते हैं बल्कि वह ज्यादा घातक भी हो जाते हैं। अफगानिस्तान की गरीब आबादी अक्सर आने वाले भूकंपों की वजह से कई तरह की परेशानियों का सामना करती है।