पूर्वमुखी श्री हनुमान मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव, भक्ति और श्रद्धा से गूंजा संजय प्लेस क्षेत्र
आगरा। संजय प्लेस स्थित प्राचीन श्री पूर्वमुखी श्री हनुमान मंदिर में चल रहे प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन बुधवार को कलश यात्रा, हवन-पूजन और विशाल भंडारे के साथ उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ। तीसरे दिन की शुरुआत प्रातः 9 बजे रंग-बिरंगे वस्त्रों में सजे श्रद्धालुओं की भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। यात्रा में महिलाएं लाल और पीले वस्त्रों में, कलश लिए भक्ति गीतों पर थिरकती नजर आईं।
निकली भव्य कलश यात्रा
कलश यात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर पेट्रोल पंप, एमडी जैन इंटर कॉलेज, एचडीएफसी बैंक, होटल होली डे इन, पीएल पैलेस, आहार रेस्टोरेंट, कम्प्यूटर मार्केट, यस बैंक होते हुए पुनः मंदिर परिसर में पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु जय श्रीराम, हनुमान जी की जय के उद्घोषों के साथ भक्ति में लीन रहे।
धार्मिक अनुष्ठानों में उमड़ा श्रद्धा भाव
दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक हवन, पूजन व श्रृंगार दर्शन का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने नवीन विग्रह के समक्ष विधिपूर्वक आहुतियां दीं और भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर मंत्रोच्चारण, भजन और आरती से गूंजता रहा।
सायं 5 बजे से 7 बजे तक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। इस दौरान मंदिर समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।
भक्तों की सहभागिता ने बढ़ाया उत्साह
इस महोत्सव में आगरा के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे। प्रमुख उपस्थितजन में राजेश अग्रवाल, मुरारी प्रसाद, पीएल शर्मा, निशु, नितिन, विजय गुप्ता, नितिन मित्तल, सरवन पंडित, बंटी, मुकेश अग्रवाल, चतुर्भुज तिवारी, रवि गोयल, मोहन शर्मा, अंबा प्रसाद गर्ग, रिषभ मित्तल समेत कई आचार्यगण उपस्थित रहे।