बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ इस्कॊन में प्रार्थना, सनातन चेतना मंच भी सक्रिय

  आगरा। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों और इस्कॊन के प्रमुख चिन्मय दास की गिरफ्तारी को लेकर आगरा में आक्रोश लगातार बढ़ रहा है। विरोध की आवाजें तेज हो रही हैं। इसी क्रम में इस्कॊन की ओर से देशव्यापी कार्यक्रम के तहत आगरा के कमला नगर क्षेत्र स्थित इस्कॊन मंदिर में भी चिन्मय दास की रिहाई के लिए प्रभु से प्रार्थना की गई। उधर सनातन एकता मंच के बैनर तले 4 दिसंबर को जीआईसी ग्राउंड पर होने जा रही जनसभा की तैयारियां भी चल रही हैं।

Dec 1, 2024 - 22:17
 0
बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ इस्कॊन में प्रार्थना, सनातन चेतना मंच भी सक्रिय
बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा के खिलाफ इस्कान आगरा में प्रार्थना करते भक्तजन। दूसरे चित्र में चार दिसंबर की रैली के लिए बल्केश्वर में हुई बैठक में मौजूद सनातन चेतना मंच के पदाधिकारी।

आगरा के इस्कॉन मंदिर में हुए कार्यक्रम के मौके पर अरविंद प्रभु महाराज ने कहा कि इस्कॊन हमेशा सनातन धर्म की रक्षा और उसके प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिबद्ध है। हम धर्म और मानवता के मूल्यों को बढ़ावा देने में विश्वास रखते हैं। बांग्लादेश में जो घटनाएं हो रही हैं, वे न केवल चिंताजनक हैं बल्कि हमारे सनातन धर्म के आदर्शों के विरुद्ध भी हैं।

अरविंद प्रभु ने कहा कि हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि ऐसी किसी भी हिंसा, अत्याचार, और धर्म के अपमान को हम कभी स्वीकार नहीं करेंगे। इस कठिन समय में, इस्कॉन पूरी दृढ़ता के साथ चिन्मय दास जी के साथ खड़ा है। उनकी सुरक्षा, सम्मान और न्याय के लिए हमारी आवाज हमेशा उठती रहेगी। हमारा सभी से निवेदन है कि धर्म, शांति और सौहार्द्र के मार्ग पर चलें।

उधर सनातन चेतना मंच की चार दिसंबर को होने जा रही जनसभा के सिलसिले में बल्केश्वर के सकारात्मक भवन, पार्वती घाट पर हुई बैठक में बांग्लादेश में हिंदुओं, सिख और जैन धर्म आदि अल्पसंख्यक समाज पर हो रहे अत्याचार के विरोध के लिए होने वाली जनसभा की जिम्मेदारियां तय की गईं।

क्षेत्र के हिंदू, सामाजिक, व्यापारिक और महिला संगठनों को जिम्मेदारियां देने के साथ यह शपथ भी दिलाई गई कि वे घर-घर  और स्कूल-स्कूल जाकर जनसंपर्क करें और सभी को चार दिसंबर को जीआईसी ग्राउंड, पंचकुइया पर होने वाली रैली में भाग लेने के लिए प्रेरित करें।

बैठक में वीके अग्रवाल, डॉक्टर अशोक अग्रवाल, मुरारी लाल गोयल, मधुबाला अग्रवाल, सुमन गोयल, अंजू दिलानी, डॉक्टर मनिंदर कौर, विश्वनाथ भारद्वाज, शिवराम यादव, अशोक कुमार एलआईसी, मुकेश चंद्र अग्रवाल, आईबी कुलश्रेष्ठ, रवि अग्रवाल, जितेंद्र सिंह, एसन गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor