मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में नए पाठ्यक्रमों की तैयारी, प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस और नई भर्तियों को भी मंजूरी
आगरा। मानसिक स्वास्थ्य संस्थान को शैक्षणिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। संस्थान की प्रबंध समिति की बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर निर्णय लिया गया, जिनमें नए पाठ्यक्रम शुरू करने, पदों पर नियुक्ति, सेवा शर्तों की स्वीकृति और वेतन विसंगतियों के समाधान संबंधी दिशा-निर्देश शामिल हैं।
मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में तय किया गया कि संस्थान में नए पाठ्यक्रमों के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा, जिससे आने वाले समय में मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में अध्ययन और शोध को मजबूती मिलेगी।
बैठक में वरिष्ठ चिकित्सा मनोवैज्ञानिक डॉ. सुमित्रा मिश्रा को प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस नामित किए जाने के प्रस्ताव को उनकी वर्तमान सेवा शर्तों के आधार पर स्वीकृति दे दी गई। साथ ही, मनोचिकित्सा विभाग में अनुबंध के आधार पर एसोसिएट प्रोफेसर के 6 और सहायक प्रोफेसर के 10 पदों पर नियुक्ति के प्रस्ताव को भी अनुमोदित किया गया।
वेतन विसंगतियों से जुड़े मामलों में मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय या अन्य संस्थानों की नियमावलियों का परीक्षण कर समानता के आधार पर निर्णय लिया जाए।
बैठक में प्रभारी जिलाधिकारी प्रतिभा सिंह, संस्थान के निदेशक प्रो. दिनेश राठौर, स्वास्थ्य विभाग की अपर निदेशक डॉ. ज्योत्स्ना भाटिया, संयुक्त निदेशक डॉ. (मेजर) चन्द्रशेखर वाजपेई और डॉ. रति समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।