जनगणना 2027 की तैयारी तेज, आगरा में डिजिटल स्व-गणना को लेकर 7 मई से विशेष अभियान

आगरा में जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक में डीएम ने डिजिटल स्व-गणना और सटीक डेटा संग्रह पर जोर दिया। 7 मई से स्व-गणना अभियान शुरू होगा, जबकि पूरी जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। प्रशासन ने इसे पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

Apr 16, 2026 - 21:35
 0
जनगणना 2027 की तैयारी तेज, आगरा में डिजिटल स्व-गणना को लेकर 7 मई से विशेष अभियान
जनगणना की तैयारियों को लेकर बैठक करते जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी।

डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, पहली बार पूरी तरह डिजिटल होगी जनगणना

आगरा। जनगणना 2027 को सफल और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सुपरवाइजर और प्रगणकों को उच्च गुणवत्ता की ट्रेनिंग दी जाए, ताकि गणना कार्य पूरी पारदर्शिता और सटीकता के साथ संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी, जिसमें पहली बार नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प भी मिलेगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि 7 मई 2026 को स्व-गणना अभियान का शुभारंभ विशेष कार्यक्रम के साथ किया जाएगा। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों, सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों सहित उनके परिवारों का डेटा ऑनलाइन अपलोड कराया जाएगा। 7 मई से 21 मई 2026 तक आम नागरिक पोर्टल और मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

दो चरणों में होगी जनगणना

जनगणना का प्रथम चरण 22 मई से 20 जून 2026 चलेगा। इसके तहत मकान सूचीकरण और भवन गणना का कार्य होगा। द्वितीय चरण फरवरी 2027 में शुरू होगा। इस दौरान जातिगत जनगणना होगी। यह देश की 16वीं जनगणना और स्वतंत्रता के बाद आठवीं जनगणना होगी।

33 प्रकार की जानकारियां होंगी एकत्र

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) शुभांगी शुक्ला ने बताया कि मकान सूचीकरण के दौरान भवन की स्थिति, निर्माण सामग्री, कमरों की संख्या, शौचालय, बिजली, ईंधन, एलपीजी कनेक्शन, अनाज, फोन, वाहन, टीवी और इंटरनेट सहित कुल 33 प्रकार की जानकारियां एकत्र की जाएंगी। ये आंकड़े भविष्य की योजनाओं और नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।

जागरूकता और सख्ती पर जोर

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्व-गणना को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और आमजन को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य को निर्वाचन आयोग की तरह ही गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि को गंभीरता से लिया जाएगा। बैठक में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, जिला पंचायतराज अधिकारी मनीष कुमार सहित सभी उपजिलाधिकारी और नगरीय निकायों के अधिकारी उपस्थित रहे।