राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी महोत्सव तैयारियां तेज़, दशहरे पर नागपुर से होगी शुरुआत
नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) अपनी 100वीं वर्षगांठ अक्टूबर 2025 से देशभर में कार्यक्रमों की एक वृहद श्रंखला शुरू करने जा रहा है। नागपुर में 2 अक्टूबर को विजयादशमी उत्सव के साथ इसकी शुरुआत होने जा रही है। यह अभियान पूरे एक वर्ष तक चलेगा और देशभर में एक लाख से अधिक सभाओं का आयोजन किया जाएगा।
विजयदशमी के दिन नागपुर स्थित रेशीमबाग मैदान में उद्घाटन समारोह होगा, जहां पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। संघ प्रमुख मोहन भागवत मुख्य संबोधन देंगे। इस अवसर पर सेना के पूर्व अधिकारी राणा प्रताप कलिता, उद्योगपति संजीव बजाज तथा अन्य प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहेंगी।
संघ के विजयदशमी के शताब्दी वर्ष कार्यक्रम में न केवल देश बल्कि विदेशों से भी धार्मिक और सामाजिक नेता आमंत्रित किए जा रहे हैं। घाना, दक्षिण अफ्रीका, थाईलैंड, इंडोनेशिया, ब्रिटेन और अमेरिका से संत-महात्मा और विशिष्ट अतिथि आमंत्रित किए जा रहे हैं।
संघ के प्रचार प्रमुख सुनील अंबेकर ने कहा कि यह महोत्सव केवल उत्सव नहीं बल्कि भारत को उपनिवेशीय मानसिकता से मुक्त कर स्वदेशी आधारित आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने का संकल्प है।