श्री गिरिराज महाराज के चरणों में आराधना संग छप्पन भोग मनोरथ महोत्सव की तैयारियां आरंभ
गोवर्धन/आगरा। भक्ति, समर्पण और सेवा की भावनाओं से ओतप्रोत वातावरण में श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार, आगरा द्वारा आगामी 22 दिसंबर 2025 से गोवर्धन धाम में आयोजित होने वाले दो दिवसीय छप्पन भोग मनोरथ महोत्सव की तैयारियाँ विधिवत प्रारंभ हो गईं।
सोमवार को मंडल परिवार ने काष्णि आश्रम, गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर श्री गिरिराज महाराज के समक्ष हृदयपूर्ण अरदास, अभिषेक एवं पुष्पार्चन कर आगामी आयोजन की मंगल सफलता की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में काष्णि गुरु हरि ओम जी महाराज के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाराज का अभिषेक, धूप-दीप पूजा, पुष्पांजलि और आरती सम्पन्न हुई। गुरु महाराज ने कहा कि गिरिराज महाराज की सेवा वही प्राप्त करता है, जिसे स्वयं ठाकुर चुनते हैं। छप्पन भोग मनोरथ भक्तिभाव, सेवा और समर्पण का अद्वितीय पर्व है।
पूजन उपरांत सभी भक्तों ने गिरिराज महाराज के चरणों में नमन करते हुए यह प्रार्थना की कि आगामी मनोरथ महोत्सव निर्विघ्न, वैभवपूर्ण और भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न हो।
संस्था के चरण सेवक अजय गोयल, मनोज कुमार गर्ग, श्याम सुंदर माहेश्वरी, पवन कुमार अग्रवाल, मनीष गोयल और नीरज अग्रवाल ने बताया कि छप्पन भोग मनोरथ का उद्देश्य श्रद्धालुओं में भक्ति, सेवा, गौ-सेवा, प्रेम और सद्भाव को प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने कहा कि गिरिराज महाराज की कृपा से यह महोत्सव हर वर्ष अधिक भव्य और भावनात्मक स्वरूप ग्रहण कर रहा है। श्रृंखला के अंतर्गत 10 नवंबर, सोमवार को बल्केश्वर गौशाला में गौ माता के छप्पन भोग का आयोजन किया जाएगा, जो महोत्सव की प्रथम कड़ी होगी।
इस अवसर पर मनीष अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, योगेश अग्रवाल, अभिषेक सिंघल, बृजमोहन रेपुरिया, विष्णु गोयल, अशोक कुमार, मुकेश अग्रवाल, संजय बंसल, राकेश गर्ग, सीमा गोयल, स्वीटी गर्ग, उर्मिला माहेश्वरी, प्राची अग्रवाल, आरती बंसल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।