आगरा में तृतीय विशाल रक्तदान शिविर की तैयारियां जोरों पर, 291 लोगों ने कराया पंजीकरण
आगरा। आगरा व्यापार मंडल द्वारा आगामी 31 अगस्त 2025 (रविवार) को आयोजित होने जा रहे तृतीय विशाल रक्तदान शिविर की तैयारियां तेज़ी से आगे बढ़ रही हैं। मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल के नेतृत्व में रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज, दरेसी नं. 1 में होने वाले इस आयोजन की सभी व्यवस्थाएं चरणबद्ध ढंग से की जा रही हैं।
एक्मा को सौंपी गईं महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारियां
रक्तदान शिविर की सफलता के लिए प्रमुख भागीदार संस्था आगरा क्लोथ मर्केंटाइल एसोसिएशन (एक्मा) को पोस्टर और पंजीकरण प्रपत्र सौंपे गए। सुभाष बाजार स्थित एक्मा कार्यालय में आयोजित बैठक में टीएन अग्रवाल ने कहा कि एक्मा व्यापार मंडल की प्रमुख और सक्रिय सदस्य संस्था है, जिसकी भूमिका पहले दो रक्तदान शिविरों में भी सराहनीय रही। इस बार भी संस्था से अपेक्षा है कि वह रिकॉर्ड रक्तदान कर उदाहरण प्रस्तुत करेगी।
एक्मा ने जताई पूर्ण सहभागिता
संस्था की ओर से कोषाध्यक्ष ताराचंद गोयल, उपाध्यक्ष बृजकिशोर अग्रवाल, उपाध्यक्ष माधव प्रसाद अग्रवाल, मंत्री विष्णु जैन, राजीव कुमार गुप्ता, भूपेंद्र अग्रवाल (संयोजक, रक्तदान शिविर), गौरव जिंदल, अमन बंसल, प्रतीक जैन आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर में पूर्ण सहयोग और समर्पण का आश्वासन दिया।
291 पंजीकरण पूरे, ऑनलाइन व्यवस्था से जोश
शिविर के लिए पंजीकरण जोरों पर हैं। अब तक 170 ऑनलाइन और 121 ऑफलाइन, कुल 291 लोगों ने पंजीकरण कराया है। इसकी निगरानी संस्था के युवा सदस्य श्रेय अग्रवाल कर रहे हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जून 2025 निर्धारित की गई है।
सुबह नौ से रात नौ बजे तक चलेगा शिविर
शिविर सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक चलेगा। एक बार में 25 रक्तदाताओं के लिए व्यवस्था की गई है ताकि पूरा आयोजन व्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
टीएन अग्रवाल ने व्यापार मंडल से जुड़ी लगभग 90 संस्थाओं से अपील की है कि वे पहले की भांति इस बार भी बढ़-चढ़कर सहयोग करें और समाज सेवा की इस पुण्य परंपरा को नई ऊंचाई दें।