जनकपुरी महोत्सव 2026 की तैयारियों को मिली रफ्तार, मनोज जादौन और हितेश लवानियां बने महामंत्री
आगरा। भावना एस्टेट रोड पर आयोजित होने जा रहे 149वें जनकपुरी महोत्सव 2026 की तैयारियों को गति देते हुए आयोजन समिति ने कोर कमेटी का विस्तार किया है। राम रघु आनंदा फेज-2 में आयोजित सुंदरकांड पाठ एवं स्वागत-सम्मान समारोह में समिति ने युवा उद्यमी हितेश लवानियां और मनोज जादौन को महामंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी। इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार ‘राजू यादव’ ने कहा कि जनसहभागिता, सेवा भावना और समर्पण के साथ इस बार का जनकपुरी महोत्सव ऐतिहासिक, भव्य और अविस्मरणीय बनाया जाएगा।
सुंदरकांड पाठ के साथ आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय रामभक्तों और क्षेत्रवासियों ने जनकपुरी महोत्सव 2026 आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार ‘राजू यादव’ का पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कोर कमेटी में युवाओं को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
आयोजन समिति ने महोत्सव की तैयारियों को और प्रभावी बनाने के लिए कोर कमेटी का विस्तार किया। समिति ने युवा उद्यमी एवं रामभक्त हितेश लवानियां तथा प्रतिष्ठित युवा उद्यमी मनोज जादौन को महामंत्री नियुक्त किया।
समिति अध्यक्ष राजीव कुमार ‘राजू यादव’ ने कहा कि दोनों युवा लंबे समय से सामाजिक, धार्मिक और सेवा कार्यों में सक्रिय हैं। उनकी संगठन क्षमता, नेतृत्व कौशल, सेवा भावना और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
उन्होंने कहा कि दोनों महामंत्रियों के अनुभव और कार्यक्षमता से आयोजन समिति को मजबूती मिलेगी तथा जनकपुरी महोत्सव 2026 को भव्य स्वरूप प्रदान करने में सहायता मिलेगी।
वहीं युवा उद्यमी मनोज जादौन व्यापार जगत के साथ-साथ सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाते रहे हैं। उनकी प्रबंधन क्षमता और संगठन कौशल को देखते हुए समिति ने उन्हें महामंत्री का दायित्व सौंपा है। युवा उद्यमी हितेश लवानियां उद्योग जगत में अपनी पहचान रखते हैं। वह लंबे समय से प्रभु श्रीराम की सेवा और सनातन संस्कृति के संरक्षण से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष राजीव कुमार ‘राजू यादव’ ने कहा कि 149वें जनकपुरी महोत्सव को ऐतिहासिक, भव्य, दिव्य, अनुकरणीय और अविस्मरणीय स्वरूप देने का संकल्प लिया गया है। इसकी सफलता प्रत्येक रामभक्त और नागरिक की सहभागिता से ही संभव होगी।
कार्यक्रम में राम रघु आनंदा फेज-2 के स्थानीय निवासियों ने आयोजन समिति को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि वे जनकपुरी महोत्सव 2026 के जनजागरण अभियान को घर-घर तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे।
कार्यक्रम में आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक संतोष कटारा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल, मुख्य संयोजक मनोज बंसल, महामंत्री हितेश लवानियां, मुख्य समन्वयक धर्मेश जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंकुश मित्तल, कोषाध्यक्ष आकाश गोयल ग्वाला, मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और रामभक्त उपस्थित रहे।
इसके अलावा निमित पोरवाल, कपिल पोरवाल, विश्वनाथ जुनेजा, निशांत अग्रवाल, अखिलेश दुबे, मनोज जादौन, पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी, साहूकार उपाध्याय, गर्वित ठुकराल, मनीष राजपाल, डॉ. गजेंद्र सिंह तोमर, नरेश सिंह जादौन, ऋषि खंडेलवाल, सुनील पाठक, नरेंद्र शर्मा, प्रभाकर शर्मा, अनूप कश्यप, हेमंत सिंह जादौन, भोले शंकर चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे। महिला समिति की ओर से अमृता पोरवाल, आरती शर्मा, सूची खंडेलवाल, शीतल अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहीं।