जनकपुरी महोत्सव-2026 की तैयारियां तेज: सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान पर पुलिस आयुक्त से अहम बैठक
आगरा। उत्तर भारत के सबसे ऐतिहासिक और भव्य धार्मिक आयोजनों में शामिल जनकपुरी महोत्सव-2026 की तैयारियां अब अंतिम चरण की ओर बढ़ रही हैं। आगामी 6, 7 एवं 8 अक्टूबर को भावना एस्टेट रोड पर आयोजित होने वाले तीन दिवसीय महोत्सव को लेकर जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति ने शुक्रवार को पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से शिष्टाचार भेंट कर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की। आयोजन समिति ने महोत्सव के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की संभावित उपस्थिति को देखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया, जिस पर पुलिस आयुक्त ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार (राजू यादव) के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त को बताया कि जनकपुरी महोत्सव में प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु, भक्त और दर्शक शामिल होते हैं। इस वर्ष भी आयोजन को भव्य, दिव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
राजू यादव ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान माता सीता की डोला यात्रा, राजा जनक की भव्य शोभायात्रा तथा भगवान श्रीराम सहित चारों भाइयों के स्वरूपों का नगर भ्रमण प्रमुख आकर्षण होंगे। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप स्थित होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सुचारु यातायात संचालन भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से पुलिस प्रशासन से आवश्यक सहयोग और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त को यह भी अवगत कराया कि जनकपुरी महोत्सव के केंद्रीय कार्यालय पर प्रतिदिन शाम 7:30 बजे महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता के लिए पुलिस आयुक्त दीपक कुमार को सादर आमंत्रित किया गया।
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने आयोजन समिति को आश्वस्त किया कि जनकपुरी महोत्सव के सफल एवं सुरक्षित आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन हर संभव सहयोग देगा। उन्होंने संबंधित अपर पुलिस आयुक्तों एवं अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की बात कही। उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने महाआरती में भी समयानुसार शामिल होने का प्रयास करने की बात कही।
बैठक के दौरान आयोजन समिति के संरक्षक संतोष कटारा, महामंत्री मनोज जादौन, अरविंद शर्मा, धर्मेश जैन, अशोक चौबे, मनोज बंसल तथा संजय गोयल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।