आगरा में साहित्यिक उत्सव की तैयारी, 25 अप्रैल को फ़िराक़ अवार्ड और अखिल भारतीय मुशायरा
चित्रांशी संस्था की बैठक में फ़िराक़ इंटरनेशनल अवार्ड 2026 मशहूर शायर मंसूर उस्मानी को और के.सी. श्रीवास्तव सम्मान 2026 साहित्यकार अरुण डंग को देने का निर्णय लिया गया। यह सम्मान समारोह 25 अप्रैल 2026 को होटल ग्रांड, आगरा में आयोजित होगा, जिसमें अखिल भारतीय मुशायरा भी शामिल रहेगा।
चित्रांशी फ़िराक़ इंटरनेशनल अवार्ड 2026 मंसूर उस्मानी को, अरुण डंग को के.सी. श्रीवास्तव सम्मान की घोषणा
आगरा। साहित्यिक संस्था चित्रांशी की एक महत्वपूर्ण बैठक संस्था अध्यक्ष तरुण पाठक की अध्यक्षता में उनके कार्यालय ए-1 पार्श्वनाथ प्रेरणा पर संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि चित्रांशी फ़िराक़ इंटरनेशनल अवार्ड 2026 देश के मशहूर शायर एवं प्रख्यात नाज़िम-ए-मुशायरा जनाब मंसूर उस्मानी साहब को प्रदान किया जाएगा।
इसी बैठक में साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए स्वर्गीय के.सी. श्रीवास्तव सम्मान 2026 आगरा के प्रमुख साहित्यकार अरुण डंग को देने का भी सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। यह सम्मान समारोह 25 अप्रैल 2026 को सायंकाल होटल ग्रांड, आगरा में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि इस अवसर पर आयोजित होने वाले अखिल भारतीय मुशायरे को और अधिक समावेशी व प्रभावशाली बनाने के लिए एक हिंदी गीतकार को भी आमंत्रित किया जाएगा। इस संबंध में कुछ प्रमुख नामों पर चर्चा हुई। अंतिम सूची तय करने का अधिकार संस्था के सचिव अमीर अहमद एडवोकेट को दिया गया, जो अन्य वरिष्ठ एवं जानकार सदस्यों से विचार-विमर्श कर शीघ्र सूची को अंतिम रूप देंगे।
बैठक में सर्वश्री इंजीनियर जीडी शर्मा, डॉ. सिराज क़ुरैशी, कर्नल जीएम ख़ान, अब्दुल क़ुद्दूस ख़ां, प्रोफेसर मुहम्मद हुसैन, महमूद उज़ ज़मां, डॉ. महेश धाकड़, डॉ. सलीम अहमद ऐटवी और रूपेश कुलश्रेष्ठ एडवोकेट उपस्थित रहे। बैठक का संचालन सचिव अमीर अहमद एडवोकेट ने किया।
बैठक के अंत में साहित्य जगत के लिए एक भावुक क्षण तब आया, जब फ़िराक़ अवार्ड से सम्मानित शायर स्वर्गीय ताहिर फ़राज़ के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।