आगरा ट्रैफिक में बड़े बदलाव की तैयारी, डीसीपी ट्रैफिक की अध्यक्षता में बनी सुधार कमेटी

आगरा के मंडलायुक्त द्वारा शुक्रवार को आयोजित की गई संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में आगरा में ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ और भविष्योन्मुखी बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम उठाया गया है। निजी बसों की सुविधा, सीएनजी ऑटो परमिट और ट्रैफिक कमेटी के गठन जैसे निर्णय शहर की यातायात प्रणाली को नई दिशा देंगे।

Jun 27, 2025 - 18:53
 0
आगरा ट्रैफिक में बड़े बदलाव की तैयारी, डीसीपी ट्रैफिक की अध्यक्षता में बनी सुधार कमेटी
संभागीय परिवहन प्राधिकरण की शुक्रवार को हुई बैठक की अध्य़क्षता करते मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह। मौजूद हैं संबंधित विभागों के अधिकारी।

आगरा। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने ठोस कदम उठाया है। संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने डीसीपी ट्रैफिक की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। इस कमेटी में एआरटीओ, नगर निगम तथा ट्रांसपोर्ट यूनियन के प्रतिनिधि शामिल किए जाएंगे। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की यातायात समस्या को जड़ से हल करने हेतु सभी संबंधित विभागों का समन्वय जरूरी है।

प्राइवेट बसों के लिए बन सकता है नया बस अड्डा

बैठक में ट्रांसपोर्टर पदाधिकारियों ने आगरा में प्राइवेट व टूरिस्ट बसों के संचालन हेतु सुव्यवस्थित बस अड्डा की मांग की। उन्होंने बताया कि शहर में प्रतिदिन देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक प्राइवेट वाहनों से आते हैं, लेकिन उनके लिए किसी समर्पित अड्डे की सुविधा नहीं है।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि यदि प्राइवेट ट्रांसपोर्टर दो एकड़ भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करें, तो वहां बैठने की जगह, टॉयलेट, कैफेटेरिया जैसी बेसिक सुविधाओं के साथ आधुनिक सुविधाओं वाला बस अड्डा विकसित किया जा सकता है। इससे आगरा के टूरिज्म इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलेगी।

नए परमिट और गाइडलाइन पर हुआ मंथन

बैठक में कुछ रूटों पर निजी बसों के संचालन के लिए आए प्रस्तावों पर विचार किया गया, और कुछ बसों को परमिट प्रदान करने की अनुमति दी गई। इसके अलावा सीएनजी ऑटो के संचालन के परमिट पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए गाइडलाइंस तय करने का निर्णय लिया।

वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी

कमिश्नरी के लघु सभागार में आयोजित इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी व प्रभारी जिलाधिकारी प्रतिभा सिंह, उप परिवहन आयुक्त विदिशा सिंह, आरटीओ अरुण कुमार, एआरटीओ एनसी शर्मा, आलोक अग्रवाल, क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज बीपी अग्रवाल समेत कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor