परशुराम जन्मोत्सव को विराट बनाने की तैयारी: पंचकुंडीय हवन से लेकर भव्य शोभायात्रा तक पूरे शहर में गूंजेगा धर्मोत्सव का जयघोष
आगरा में महर्षि परशुराम जन्मोत्सव को इस बार भव्य और ऐतिहासिक रूप देने की तैयारी तेज हो गई है। 19 अप्रैल को पंचकुंडीय हवन यज्ञ से शुरुआत होगी, जबकि 23 अप्रैल को नगर भ्रमण करती भव्य शोभायात्रा पूरे शहर में आस्था और उल्लास का संदेश देगी।
आगरा। महर्षि परशुराम जन्मोत्सव समिति के तत्वाधान में भगवान परशुराम का जन्मोत्सव इस वर्ष विराट स्वरूप में मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर समिति पदाधिकारियों ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
समिति के अध्यक्ष राजेश शर्मा ने बताया कि 19 अप्रैल 2026 को महर्षि परशुराम इंटर कॉलेज, जमुना किनारा पर प्रातः 8 बजे से पंचकुंडीय हवन यज्ञ के साथ जन्मोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।
युवा वर्ग अध्यक्ष शशांक तिवारी ने जानकारी दी कि शोभायात्रा के लिए आमंत्रण यात्रा 22 अप्रैल को सायं 4 बजे मांतगी टावर, जीवनी मंडी से निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से शहरवासियों को इस आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
शोभायात्रा प्रभारी कमल शर्मा ने बताया कि 23 अप्रैल 2026 को महर्षि परशुराम इंटर कॉलेज, जमुना किनारा से सायं 4 बजे भव्य शोभायात्रा नगर भ्रमण के लिए निकलेगी, जो विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी।
महामंत्री दिलीप भारद्वाज ने बताया कि शोभायात्रा को भव्य बनाने के लिए दो दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें एटा से आने वाला काली का अखाड़ा, बाहुबली हनुमान जी, अघोरी स्वरूप और राधा-कृष्ण की मनोहारी प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
मेन डोला प्रभारी धीरज शर्मा ने बताया कि इस बार भगवान परशुराम जी का भव्य डोला अलौकिक स्वरूप में सजाया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को दिव्य दर्शन प्राप्त होंगे।
संयोजक जुगल किशोर शर्मा ने बताया कि शोभायात्रा की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
मीडिया प्रभारी मुकुल जमदग्नि ने जानकारी दी कि प्रशासन को ट्रैफिक, सुरक्षा और सफाई व्यवस्था को लेकर अवगत करा दिया गया है, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
प्रेसवार्ता में राहुल चतुर्वेदी, योगेश भारद्वाज, आचार्य राहुल रावत, शशांक तिवारी, अमित शर्मा, संजय शर्मा, रानू रावत, मुकुल जमदग्नि, धीरज शर्मा, शिवम शर्मा, नितेश भारद्वाज, प्रभाकर शर्मा, शिबा शर्मा, अमोल दीक्षित और नैतिक तिवारी सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।