बरेली में मौलाना तौकीर के आह्वान पर आए उपद्रवियों और अवैध कब्जेदारों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी
-आरके सिंह- बरेली। इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा के आवाहन पर 26 सितंबर को पुलिस और प्रशासन पर हमला करने, पेट्रोल बम, कांच की बोतलें फेंकने और पथराव करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ बरेली प्रशासन सख्त कार्रवाई करने जा रहा है। इसके साथ ही डेलापीर, महेशपुर ठाकुरान और शाहबाद क्षेत्रों में तालाब और स्कूल की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले 40 लोगों को 7 दिन का अंतिम अल्टीमेटम दिया गया है।
नगर निगम ने 10 अक्टूबर को जारी 15 दिन की नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद अवैध कब्जेदारों को मकान खाली करने का अतिरिक्त 7 दिन का अवसर दिया। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि अब तक सिर्फ एक व्यक्ति ने अपना मकान खाली किया है, जबकि शेष 39 लोग कब्जा हटाने में असफल रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि 7 दिन में भी कब्जा नहीं हटता है, तो जिला प्रशासन के माध्यम से नगर निगम मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पुलिस बल के साथ सभी कब्जेदारों को बेदखल कर दिया जाएगा।
शाहाबाद के तौफीक रियासत ने बताया कि कुछ कब्जेदारों ने लखनऊ और गोरखपुर तक अपनी मुसीबत पहुंचाने की कोशिश की है। अवैध कब्जेदार असफाक का कहना है कि वे लंबे समय से इन जमीनों पर रह रहे हैं और बेहद गरीब हैं, इसलिए बेदखल करने की कार्रवाई के खिलाफ हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक अपना दर्द पहुंचाने की कोशिश की और शासन को प्रार्थना पत्र सौंपा।
नगर निगम की यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के तहत की जा रही है, जिससे अवैध कब्जा पूरी तरह समाप्त किया जा सके और प्रशासन का संदेश साफ़ तौर पर दिया जा सके कि कानून के उल्लंघन पर कोई भी छूट नहीं पाएगा।