राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल पहुंच रहीं मथुरा और वृंदावन, 47 मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंधित रहेगा
मथुरा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल (गुरुवार) को मथुरा और वृंदावन के दौरे पर आ रही हैं। राष्ट्रपति के आगमन के कारण मथुरा-वृंदावन में गुरुवार प्रातः से ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। कुल 47 मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे में अगर आप 25 सितम्बर को मथुरा-वृंदावन जाने का प्लान बना रहे हैं तो उसे टालना ही बेहतर होगा।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 25 सितंबर 2025 को प्रातः 07 बजे से राष्ट्रपति की यात्रा समाप्ति तक वृंदावन-मथुरा की यातायात व्यवस्था विशेष रूप से संचालित होगी। वृंदावन नगर में 24 मार्गों और मथुरा शहर में 23 स्थानों पर वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान ट्रैफिक पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
प्रतिबंधित मार्ग और वाहन
आगरा-दिल्ली साइड सर्विस रोड, राल तिराहा, निर्फाद नेत्र चिकित्सालय, गरुण गोविन्द गेट, चारधाम गेट, छटीकरा से कस्वा वृंदावन तक सभी वाहन वीवीआईपी मूवमेंट के समय प्रतिबंधित रहेंगे। भारी वाहन, रोडवेज बस, ट्रैक्टर, ई-रिक्शा और चार-पहिया वाहन भी मूवमेंट के दौरान प्रतिबंधित रहेंगे। मथुरा शहर के गोवर्धन चौराहा, भूतेश्वर तिराहा, मसानी चौराहा, लाल दरबाजा, चौक बाजार और स्टेट बैक चौराहा सहित कई अन्य मार्गों पर भी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
ये हैं डायवर्जन वाले मार्ग
छटीकरा से वृंदावन होते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे की ओर सभी कॉमर्शियल और भारी वाहन डायवर्जन मार्ग से ही जा सकेंगे। गोकुल रेस्टोरेंट और मसानी चौराहा से यमुना एक्सप्रेस-वे तक जाने वाले सभी भारी वाहन निर्धारित डायवर्जन मार्ग का पालन करेंगे। वृंदावन कट से NH-19 को जाने वाले कॉमर्शियल व भारी वाहन यमुना एक्सप्रेस-वे राया कट से लक्ष्मीनगर तिराहा होकर गोकुल बैराज मोड़ और टाउनशिप चौराहा होते हुए NH-19 मार्ग का प्रयोग करेंगे।
सुरक्षा और सुविधा का ध्यान
वीवीआईपी मूवमेंट के समय परिक्रमा मार्ग, होलीगेट, थाने के सामने हाइवे कट, स्टेट बैक चौराहा और मालगोदाम मार्ग से वाहन केवल निर्धारित डायवर्जन के अनुसार ही गंतव्य तक पहुंचेंगे। यह यातायात व्यवस्था राष्ट्रपति की सुरक्षा और वीवीआईपी मूवमेंट की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए लागू की गई है।