आईवीआरआई के 11वें दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु होंगी मुख्य अतिथि
बरेली। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई), इज्जतनगर, बरेली का ग्यारहवां दीक्षांत समारोह 30 जून 2025 को आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। संस्थान के कुलपति एवं निदेशक डॉ. त्रिवेणी दत्त ने यह जानकारी दी।
-576 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां, 30 जून को बरेली में होगा आयोजन
इस ऐतिहासिक अवसर पर बीवीएससी एंड एएच, एमवीएससी और पीएचडी पाठ्यक्रमों के कुल 576 विद्यार्थियों को उपाधियां व पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें बीवीएससी एंड एएच के 41, एमवीएससी के 328 और पीएचडी के 207 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
24 मेधावियों को मिलेगा स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक, वहीं 40 अन्य प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रतिभाशाली छात्रों व वैज्ञानिकों को दिए जाएंगे।
डॉ. दत्त ने कहा कि देश की सर्वोच्च पदाधिकारी की उपस्थिति संस्थान के लिए गौरव और प्रेरणा का प्रतीक है। यह दीक्षांत समारोह संस्थान के समृद्ध शैक्षणिक और अनुसंधान परंपरा में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ेगा।