गोरखनाथ मंदिर पहुंच राष्ट्रपति मुर्मु ने किया दर्शन-पूजन, भव्य स्वागत हुआ
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश की आध्यात्मिक राजधानी गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर परिसर सोमवार को एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बना, जब भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यहां गुरु गोरक्षनाथ के दर्शन-पूजन किए। राष्ट्रपति के साथ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जो स्वयं गोरक्षपीठाधीश्वर भी हैं, उपस्थित रहे।
-सीएम योगी और राज्यपाल संग की गुरु गोरक्षनाथ के दर्शन की आध्यात्मिक यात्रा
गोरखनाथ मंदिर पहुंचने पर महामहिम राष्ट्रपति का पारंपरिक एवं भव्य स्वागत किया गया। मंदिर की संपूर्ण परिक्रमा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें गोरखनाथ धाम का ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व बताया।
साधु-संतों और श्रद्धालुओं से हुई आत्मीय भेंट
मंदिर परिसर में स्थित विभिन्न स्थलों का भ्रमण करते हुए राष्ट्रपति मुर्मु ने वहां रहने वाले संतों, पुजारियों और श्रद्धालुओं से भी भेंट की और सभी का अभिवादन स्वीकार किया।
राष्ट्रपति ने गुरु गोरक्षनाथ की पूजा-अर्चना के साथ ही समाधियों पर भी जाकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
राष्ट्रपति ने सराहा आध्यात्मिक वातावरण
मंदिर परिसर की दिव्यता और अनुशासन से अभिभूत होकर राष्ट्रपति ने गोरखनाथ धाम की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने संत परंपरा, योग साधना और सेवा कार्यों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
एकात्मता और संस्कृति की प्रतीक है यह यात्रा
गोरखनाथ मंदिर में राष्ट्रपति की यह उपस्थिति केवल औपचारिक नहीं, बल्कि आध्यात्मिक एकात्मता और भारतीय संस्कृति के सम्मान की प्रतीक बनी। योग और सेवा को समर्पित यह पीठ, वर्षों से देश को धर्म, परंपरा और राष्ट्रभक्ति का संदेश देती रही है।