ग्रीनलैंड के विरोध की कीमत! ट्रंप ने यूके, फ्रांस समेत कई यूरोपीय देशों पर ठोका 10% टैरिफ
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड को लेकर अपने आक्रामक रुख को और सख्त करते हुए डेनमार्क, ब्रिटेन, फ्रांस समेत कई यूरोपीय देशों पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाने का ऐलान कर दिया है। यह फैसला उन देशों को सजा देने के तौर पर लिया गया है, जिन्होंने अमेरिका के ग्रीनलैंड पर कब्जे के प्लान का खुलकर विरोध किया। नया टैरिफ 1 फरवरी से लागू होगा, जिससे यूरोप-अमेरिका रिश्तों में और तल्खी आने के संकेत हैं।
ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप लंबे समय से इसे अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ते रहे हैं। उनका दावा है कि आर्कटिक क्षेत्र में रणनीतिक बढ़त के लिए ग्रीनलैंड पर अमेरिकी नियंत्रण जरूरी है। इसी मुद्दे पर जब यूरोपीय देशों ने एक सुर में आपत्ति जताई, तो ट्रंप ने आर्थिक दबाव का रास्ता चुन लिया।
शनिवार को वॉशिंगटन में घोषणा करते हुए ट्रंप ने साफ कहा कि जो देश अमेरिका के ग्रीनलैंड प्लान का समर्थन नहीं करेंगे, उन्हें व्यापारिक कीमत चुकानी होगी। इसके एक दिन पहले ही उन्होंने टैरिफ लगाने की चेतावनी दी थी, जिसे अब अमल में ला दिया गया है।
डेनमार्क, ब्रिटेन और फ्रांस के अलावा अन्य यूरोपीय देशों पर भी यह 10 प्रतिशत टैरिफ लागू होगा। जवाबी कार्रवाई की आशंका भी बढ़ गई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि ट्रंप प्रशासन ग्रीनलैंड को लेकर सिर्फ कूटनीति तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि सैन्य विकल्प के साथ-साथ टैरिफ को भी दबाव के हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रहा है। इससे ट्रांस-अटलांटिक संबंधों में नई दरार पड़ सकती है।