शाही प्रोटोकॉल में आगरा पहुंचीं थाईलैंड की राजकुमारी, कल करेंगी ताजमहल का दीदार
थाईलैंड की राजकुमारी सिरिवन्नावरी नरिरत्ना 5 दिवसीय भारत दौरे पर आगरा पहुंचीं। वे आईटीसी मुगल होटल में ठहरी हैं और बुधवार को ताजमहल व आगरा किला का भ्रमण करेंगी। इससे पहले उन्होंने जयपुर के आमेर महल, जोधपुर के मेहरानगढ़ किले और जसवंत थड़ा का दौरा किया, जहां भारतीय स्थापत्य कला और जल संरक्षण परंपराओं से वे बेहद प्रभावित हुईं।
आगरा। थाईलैंड की राजकुमारी सिरिवन्नावरी नरिरत्ना इन दिनों 5 दिवसीय भारत दौरे पर हैं। मंगलवार शाम लगभग 4 बजे वे जोधपुर से आगरा पूरे राजकीय प्रोटोकॉल के साथ पहुंचीं। खेरिया हवाई अड्डे पर उतरने के बाद उनका काफिला कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीधे फतेहाबाद रोड स्थित आईटीसी मुगल होटल पहुंचा, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राजकुमारी बुधवार सुबह लगभग 10 बजे विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दीदार करेंगी। इसके पश्चात वे ऐतिहासिक आगरा किला का भ्रमण करेंगी और इसके बाद आगरा से प्रस्थान करेंगी। उनके आगमन को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है, वहीं पर्यटन विभाग भी पूरी तरह सतर्क है।
आगरा पहुंचने से पहले राजकुमारी सिरिवन्नावरी ने जयपुर और जोधपुर में राजस्थान की ऐतिहासिक धरोहरों का भ्रमण किया। शनिवार को वे विश्व प्रसिद्ध आमेर महल पहुंचीं, जहां उन्होंने महल की भव्य स्थापत्य कला और ऐतिहासिक महत्व को करीब से देखा। सुरक्षा कारणों से उनके भ्रमण के दौरान पर्यटकों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था।
राजकुमारी ने आमेर महल के दीवान-ए-आम, दीवान-ए-खास, शीश महल और मानसिंह महल का अवलोकन किया। अरावली पर्वतमालाओं की हरियाली, प्राकृतिक सौंदर्य और केसर क्यारी की बागवानी व्यवस्था की उन्होंने विशेष सराहना की। महल की अनुपम सुंदरता से प्रभावित होकर राजकुमारी ने कई दृश्यों को अपने कैमरे में कैद किया। उन्होंने प्राचीन काल से चली आ रही जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन प्रणालियों को अत्यंत उपयोगी बताते हुए इसकी प्रशंसा की और कहा कि यह परंपरा आज भी प्रासंगिक है।
सोमवार को राजकुमारी ने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ मेहरानगढ़ किले और जसवंत थड़ा का भ्रमण किया। इस दौरान वे किले की भव्य स्थापत्य कला, शौर्य और ऐतिहासिक गौरव को देखकर अभिभूत नजर आईं। सोमवार दोपहर उन्होंने उम्मेद भवन में लंच किया, जिसके बाद जसवंत थड़ा पहुंचीं। शाम के समय राजकुमारी ने सर्किट हाउस रोड स्थित एक प्रतिष्ठित शोरूम का दौरा किया, जहां उन्होंने अपने लिए पारंपरिक आभूषणों की खरीदारी की। उनके इस दौरे से भारत की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।