फुटवियर ट्रेडर्स के लिए पूरन डावर ने पेश किए शोध यात्रा और भूमि क्लस्टर के दो बड़े विज़न

आगरा। फुटवियर एवं लैदर काउंसिल के नव नियुक्त चेयरमैन पूरन डावर ने आगरा के फुटवियर व्यवसाइयों के सामने दो अहम प्रस्ताव प्रस्तुत किए हैं। एक अंतरराष्ट्रीय शोध यात्रा का और दूसरा युवा उद्यमियों के लिए कम लागत में ‘फुटवियर भूमि क्लस्टर’ की स्थापना का।

Jun 1, 2025 - 13:24
 0
फुटवियर ट्रेडर्स के लिए पूरन डावर ने पेश किए शोध यात्रा और भूमि क्लस्टर के दो बड़े विज़न
फुटवियर एवं लैदर काउंसिल का चेयरमैन बनने पर पूरन डावर का स्वागत करते आगरा शू फैक्टर्स फेडरेशन के पदाधिकारी और सदस्य।

-फुटवियर एवं लैदर काउंसिल का चेयरमैन बनने पर आगरा शू फैक्टर्स फेडरेशन ने किया स्वागत

श्री डावर ने आगरा शू फैक्टर्स फेडरेशन द्वारा अपने सम्मान समारोह में जूता व्यवसाइयों के समक्ष रखे। फेडरेशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने फुटवियर एवं लैदर काउंसिल के चेयरमैन बनाए जाने पर पूरन डावर का जोशीला स्वागत किया।

कार्यक्रम में फेडरेशन के अध्यक्ष विजय सामा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान हींग की मंडी क्षेत्र से जुड़े ट्रेडर्स की समस्याओं और संभावनाओं पर चर्चा हुई। श्री डावर ने दो प्रमुख प्रस्ताव रखकर उद्योग के लिए नई राह सुझाई। इन दूरदर्शी योजनाओं ने न केवल उपस्थित उद्यमियों को उत्साहित किया, बल्कि आगरा के पारंपरिक फुटवियर उद्योग को वैश्विक मंच पर ले जाने की संभावनाओं को भी बल दिया।

अंतरराष्ट्रीय शोध यात्रा का प्रस्ताव

श्री डावर ने कहा कि वे केंद्र सरकार से संवाद कर फेडरेशन के सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को चीन और इटली जैसी अग्रणी फुटवियर उत्पादक देशों की अध्ययन यात्रा पर भेजने का प्रयास करेंगे। इससे स्थानीय उद्योग को वैश्विक मानकों और तकनीकों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

फुटवियर भूमि क्लस्टर की योजना

दूसरे प्रस्ताव के तहत श्री डाबर ने सुझाव दिया कि एक बैठक आयोजित कर रुचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित की जाएं। तत्पश्चात एमएसएमई और जेएमडीआईसी विभागों के सहयोग से कम लागत वाली औद्योगिक भूमि उपलब्ध कराई जाए। यह पहल युवाओं और नवोदित उद्यमियों को विशेष रूप से लाभ पहुंचाएगी।

फेडरेशन के सदस्यों ने की सराहना

दोनों प्रस्तावों पर सभी सदस्यों ने अपनी सहमति व्यक्त की और श्री डाबर से इसे बढ़ाने का अनुरोध किया। कार्यक्रम में अजय महाजन, दिलप्रीत सिंह, प्रमोद महाजन, प्रदीप सरीन, चंद्रवीर जी, अनिल महाजन, सुधीर महाजन, विजय सहगल, प्रमोद जैन, प्रदीप मेहरा, धर्मपाल कश्यप, संजय मगन, यश गांधी सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor