सड़क पर पुश-अप, कैमरे में कैद हरकत, हवालात पहुंचे जोड़ीदार

आगरा। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अनदेखी करना दो युवकों को भारी पड़ गया। थाना रकाबगंज पुलिस ने बिजलीघर बस अड्डे के सामने यातायात बाधित कर रील बनाने वाले दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर की गई शिकायत के बाद की गई।

Jan 7, 2026 - 16:53
 0
सड़क पर पुश-अप, कैमरे में कैद हरकत, हवालात पहुंचे  जोड़ीदार
गिरफ्तार आरोपी युवक।

आगरा। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अनदेखी करना दो युवकों को भारी पड़ गया। थाना रकाबगंज पुलिस ने बिजलीघर बस अड्डे के सामने यातायात बाधित कर रील बनाने वाले दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर की गई शिकायत के बाद की गई।

यह मामला बिजलीघर बस अड्डे के सामने का है, जहां दो युवक एक चलती बस को रुकवाकर सड़क के बीच पुश-अप लगाने लगे। इस दौरान उनके साथी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। रील बनाने की इस हरकत से कुछ ही देर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।

वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

वीडियो वायरल होते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। कई लोगों ने इसे जानलेवा स्टंट बताते हुए पुलिस कार्रवाई की मांग की। मामला जब X पर शिकायत के जरिए पुलिस तक पहुंचा, तो यातायात पुलिस और थाना रकाबगंज की टीम ने तत्काल संज्ञान लिया।

वीडियो के आधार पर हुई पहचान, दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने वायरल वीडियो का विश्लेषण कर युवकों की पहचान की। इसके बाद सरफराज और उसके साथी शशांक को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने रील बनाने के लिए बस रोकने और सड़क पर स्टंट करने की बात स्वीकार की।

पुलिस की सख्ती, चेतावनी भी जारी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की हरकतें न केवल कानूनन अपराध हैं, बल्कि आम लोगों की जान को भी खतरे में डालती हैं। युवकों के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक मार्ग बाधित करने की धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने साफ कहा है कि सोशल मीडिया के लिए सड़क को स्टूडियो समझने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।