पुष्पा 2 के हीरो अल्लू अर्जुन जेल से रिहा  

हैदराबाद। अपनी फिल्म ‘पुष्पा 2 द रूल’ के जरिए धूम मचा रहे साउथ के फिल्म एक्टर अल्लू अर्जुन आज सुबह जेल से बाहर आ गए। एक थिएटर में हुई भगदड़ के दौरान एक महिला की मौत के मामले में दर्ज हुए केस में अल्लू अर्जुन को कल हैदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

Dec 14, 2024 - 09:54
 0
पुष्पा 2 के हीरो अल्लू अर्जुन जेल से रिहा   

-थिएटर में भगदड़ में महिला की मौत के मामले में एक रात जेल में गुजारनी पड़ी

एक्टर को कल ही हाईकोर्ट से एक माह की अंतरिम जमानत भी मिल गई थी, लेकिन जमानत का आदेश समय पर जेल तक न पहुंचने के कारण एक्टर को एक रात जेल में ही बितानी पड़ी। आज सुबह उनके जेल से बाहर आने पर फैंस ने राहत की सांस ली है।

अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा 2 द रूल’ की दस दिन पहले हैदराबाद के एक थिएटर में स्क्रीनिंग थी। एक्टर भी वहां मौजूद थे। फैंस की भारी भीड़ जुटने के बाद वहां भगदड़ मची थी, जिसमें एक महिला की मौत हो गई थी। मृतका के पति ने इस मामले में केस दर्ज करा दिया था। बीते कल हैदराबाद पुलिस ने अल्लू अर्जुन को उनके आवास से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।

कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया था। इस बीच उनके वकीलों ने हाईकोर्ट में जमानत की अर्जी दी। हाईकोर्ट ने उन्हें एक माह की अंतरिम जमानत दे दी थी। लेकिन इसके बाद भी अल्लू अर्जुन जेल से बाहर नहीं आ पाए क्योंकि हाईकोर्ट का आदेश समय पर जेल नहीं पहुंच पाया था।

एक्टर अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी होने पर उनके फैंस बहुत बेचैन हो गए थे। थिएटर में भगदड़ के मामले में एक तथ्य यह भी सामने आया है कि थिएटर संचालक ने फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान जुटने वाली भीड़ को लेकर पुलिस को सूचित किया था, लेकिन पुलिस ने भीड़ को संभालने के लिए कोई इंतजाम नहीं किए थे। अल्लू अर्जुन के फैंस हैदराबाद पुलिस को ही सवालों के घेरे में ले रहे हैं और यह पूछ रहे हैं कि भगदड़ के लिए अल्लू अर्जुन को अकेले कैसे दोषी ठहराया जा रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor