आगरा में लॊयर्स कॊलोनी के राधाकृष्ण मंदिर में सेंध, शिवलिंग से चांदी का मुखौटा और दानपेटी से नकदी साफ, चोरों ने अलमारी भी तोड़ी और किचन खंगाली

आगरा। शहर के थाना न्यू आगरा क्षेत्र अंतर्गत लॉयर्स कॉलोनी स्थित राधाकृष्ण मंदिर में बीती रात चोरों ने बेखौफ होकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर से शिवलिंग से चांदी का मुखौटा, दानपेटी और अन्य कीमती सामान ले गए। सुबह मंदिर खुलने पर घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

Dec 31, 2025 - 13:29
Dec 31, 2025 - 13:33
 0
आगरा में लॊयर्स कॊलोनी के राधाकृष्ण मंदिर में सेंध, शिवलिंग से चांदी का मुखौटा और दानपेटी से नकदी साफ, चोरों ने अलमारी भी तोड़ी और किचन खंगाली
लॊयर्स कॊलोनी के राधा-कृष्ण मंदिर की वह दानपेटी, जिसे चोरों ने साफ कर दिया।

बुधवार सुबह जैसे ही राधाकृष्ण मंदिर के कपाट खुले, अंदर का नजारा देख पुजारी और श्रद्धालु सन्न रह गए। शिवलिंग से चांदी का मुखौटा गायब था और दानपेटी भी अपनी जगह पर नहीं मिली। सूचना मिलते ही लॉयर्स कॉलोनी के लोग मंदिर परिसर में एकत्रित हो गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिस पर हरीपर्वत के एसीपी अक्षय महाडिक और थाना न्यू आगरा पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने मंदिर के आसपास तलाशी ली तो दानपेटी मंदिर के पीछे स्थित पार्क में पड़ी मिली, जिसमें से पूरी नकदी गायब थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोरों ने मंदिर के पिछले हिस्से से प्रवेश किया। वहां लगी लोहे की जाली जर्जर हालत में थी, जिसे काटकर चोर अंदर घुसे और फिर पिछला दरवाजा खोलकर आराम से चोरी को अंजाम दिया।

मंदिर के पुजारी पंडित नवल शास्त्री ने बताया कि मंदिर रोजाना शाम की आरती के बाद बंद कर दिया जाता है। वे स्वयं दयालबाग में रहते हैं, जबकि सह पुजारी कौशल मंदिर परिसर में ही निवास करते हैं। इसके बावजूद चोरों की गतिविधि की किसी को भनक तक नहीं लगी।
चोरों ने शिवलिंग के चांदी के मुखौटे के साथ-साथ मंदिर की रसोई को भी खंगाला, एक अलमारी तोड़ी और जो भी कीमती सामान हाथ लगा, समेट ले गए।

न्यू आगरा थाना पुलिस मंदिर और आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। मंदिर में हुई चोरी की घटना को लेकर कॉलोनी के लोगों में भारी रोष है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor