रंजिश में रंगबाजीः आगरा के बासौनी क्षेत्र में दबंगों ने युवक को कार से खींचकर पीटा, गाड़ी में तोड़फोड़
आगरा। जनपद आगरा के थाना बासौनी क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगई का मामला सामने आया है। गांव गढ़िया भगरैना के पास कार सवार दबंग युवकों ने एक युवक की गाड़ी रुकवाकर न केवल लोहे की रॉड से कार में जमकर तोड़फोड़ की, बल्कि युवक के साथ निर्मम मारपीट कर उसे घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराते हुए उसका मेडिकल परीक्षण कराया है।
पीड़ित की पहचान सुरजीत भदोरिया पुत्र मुन्नी सिंह भदोरिया (उम्र 35 वर्ष), निवासी गढ़िया बगरेना, थाना बासौनी के रूप में हुई है। पीड़ित के अनुसार, वह अपनी कार से जा रहा था, तभी रास्ते में पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उसकी गाड़ी रोक ली।
लोहे की रॉड से हमला, कार को बनाया निशाना
आरोप है कि शिवम उर्फ शिब्बू पुत्र अनिल सिंह, आदित्य पुत्र सुखलाल सिंह और ऋषभ पुत्र देवेंद्र सिंह अपनी कार से उतरे और सुरजीत की कार को रुकवाकर लोहे की रॉड से वाहन में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसके बाद तीनों ने सुरजीत को कार से बाहर खींचकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के दौरान आसपास के लोग शोर सुनकर मौके पर एकत्र होने लगे। भीड़ बढ़ती देख तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में सुरजीत को परिजन और ग्रामीण अस्पताल लेकर पहुंचे।
पुलिस ने कराया मेडिकल, जांच शुरू
मामले की सूचना मिलते ही थाना बासौनी पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित की शिकायत के आधार पर उसका मेडिकल परीक्षण कराते हुए उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है।