दिल्ली के जनकपुरी हादसे को लेकर राहुल गांधी ने सरकार को ठहराया जिम्मेदार, बोले - ये हादसा नहीं हत्या है
दिल्ली के जनकपुरी में गढ्ढे में गिरने से युवक की मौत को लेकर कांग्रेस ने केंद्र और दिल्ली सरकार पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि यह मौत नहीं बल्कि हत्या है और इसकी जिम्मेदारी सरकार की है।
नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में दिल्ली जल बोर्ड के गड्ढे में गिरने से युवक की मौत पर कांग्रेस ने सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस हादसे को हत्या बताया। राहुल गांधी ने हादसे के लिए सरकार पर सवाल उठाए। नेता प्रतिपक्ष का कहना था कि सरकार की लापरवाही की वजह से एक घर का चिराग बुझ गया। उन्होंने सरकार पर जवाबदेही नहीं लेने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने इंदौर के जहरीले पानी से हुई मौतें, नोएडा में इंजीनियर की मौत के साथ ही देश में गिरते पुल से लेकर दमघोंटू प्रदूषण का भी जिक्र किया।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट में लिखा, हिंदुस्तान में फैली लालच और लापरवाही की महामारी आज फिर एक युवा की जान ले गई। एक बेटा, एक सपना, माँ-बाप की पूरी दुनिया - सब कुछ एक झटके में उजाड़ दिया गया। यह हादसा नहीं, हत्या है - और हत्यारी है जवाबदेही से भागती सत्ता। उन्होंने कहा कि असली का तिल सड़क नहीं, गैरजिम्मेदार सत्ता है।
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि क्योंकि यहां न इस्तीफ़ा होता है, न सज़ा मिलती है, न किसी की अंतरात्मा जागती है। राहुल ने इंदौर का जहरीला पानी, नोएडा में युवराज की जान लेने वाली सड़क, गिरते पुल, टकराती ट्रेनें, दम घोंटता प्रदूषण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि किसी की भी कोई जवाबदेही नहीं है। राहुल का कहना था कि जब तक जवाबदेही नहीं होगी, तब तक कोई न कोई लालच की महामारी का अगला शिकार बनता रहेगा।
पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में शुक्रवार सुबह एक गड्ढे में गिरने से मोटरसाइकिल सवार कमल की मौत हो गई। व्यक्ति कथित तौर पर जल बोर्ड के निर्माण कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढे में गिर गया था। मृतक के परिवार ने दिल्ली जल बोर्ड के स्तर पर लापरवाही का आरोप लगाया है और साथ ही कमल की मौत में साजिश की आशंका भी जताई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दिल्ली जल बोर्ड के निर्माणस्थल पर यह गड्ढा खोदा गया था।