राहुल गांधी भारत की सुरक्षा के लिए सबसे खतरनाक इंसान बन गए हैं- किरेन रिजिजू
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भारतीय सुरक्षा के लिए सबसे खतरनाक व्यक्ति बन चुके हैं।
नई दिल्ली। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भारतीय सुरक्षा के लिए सबसे खतरनाक व्यक्ति बन चुके हैं। केंद्रीय मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत विरोधी शक्तियों के साथ उठते बैठते हैं।
एक इंटरव्यू में किरेन रिजिजू ने कहा, "राहुल गांधी भारत की सुरक्षा के लिए सबसे खतरनाक व्यक्ति बन गए हैं। क्योंकि वह भारत विरोधी ताकतों से जुड़े हैं। वह विदेश और देश में नक्सलियों, उग्रवादियों, विचारकों, जॉर्ज सोरोस जैसे लोगों से मिलते हैं।"
संसद के बजट सत्र में हंगामा को लेकर किरेन रिजिजू ने कहा, "संसदीय लोकतंत्र में हमेशा शोर और हंगामा होता रहेगा। हर पार्टी का अपना एजेंडा होता है और वह उसे सदन में आगे बढ़ाने की कोशिश करती है। यह अपने आप में कोई विफलता नहीं है। लेकिन हंगामे के साथ- साथ हमें उन कार्यों को भी देखना होगा जो किए जा रहे हैं। हम जब विपक्ष में थे, तो हमने लोकसभा अध्यक्ष पर कागज नहीं फेंके। सत्ताधारी पक्ष की तरफ बैनर नहीं लेकर गए और इसी बात से मैं परेशान हूं।"
किरिन रिजिजू ने राहुल गांधी के बर्ताव को "बचकाना और गैर जिम्मेदराना बताया"। उन्होंने कहा, "नेता प्रतिपक्ष पूरे विपक्ष का प्रतिनिधित्व करता है। सदन से निकल जाना, लोगों को देशद्रोही कहना, ड्रामा करना, और एक अप्रकाशित किताब को पढ़ने पर जोर देना, यह सब बच्चों जैसा बर्ताव है।" रिजिजू संसद में राहुल गांधी के पुराने सहयोगी और मौजूदा केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के साथ हुए टकराव का जिक्र कर रहे थे।
मंत्री ने एपस्टीन फाइल्स विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए राहुल गांधी की बातों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा, "पहले, सोचिए कि राहुल गांधी के समर्थक इसे सीरियसली क्यों नहीं लेते: वह बिना सच के बोलते हैं... अगर प्रधानमंत्री किसी से मिले हैं, या अगर डॉक्यूमेंट्स हैं, तो उन्हें पेश करें... वे बिना किसी आधार के प्रधानमंत्री का नाम जबरदस्ती ले रहे हैं। इससे निराशा और हताशा होती है।