राहुल गांधी हाफिज सईद से भी बड़ा पाकिस्तान का 'मुहाफिज' बनने की होड़ में- सुधांशु त्रिवेदी

आगरा। राहुल गांधी पाकिस्तान की आतंकपरस्त भाषा बोल रहे हैं। वो शायद हाफिज सईद से भी बड़ा पाकिस्तान का 'मुहाफिज' बनने की होड़ में हैं। ये तीखा हमला भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने मंगलवार को आगरा में प्रेसवार्ता के दौरान बोला। वे मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी के उद्घाटन हेतु शहर आए थे।

Jun 11, 2025 - 18:22
 0
राहुल गांधी हाफिज सईद से भी बड़ा पाकिस्तान का 'मुहाफिज' बनने की होड़ में- सुधांशु त्रिवेदी
आगरा में बुधवार को पत्रकारों से वार्ता करते भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद सुधांशु त्रिवेदी। साथ हैं सांसद नवीन जैन और भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया व महानगर अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता।  

-ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी को बताया भारत की सैन्य शक्ति का प्रतीक

फतेहाबाद रोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने राहुल गांधी द्वारा ऑपरेशन सिंदूर पर की गई टिप्पणी को गैरजिम्मेदाराना बताया। त्रिवेदी ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री से लेकर हाफिज सईद और मसूद अजहर तक ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भारत पर 'सरेंडर' जैसा कोई बयान नहीं दिया। लेकिन राहुल गांधी ने सेना की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर देश को शर्मिंदा किया है।

चाइना की हथियार प्रणाली फेल, भारत की डिफेंस इकॉनमी मजबूत

सांसद त्रिवेदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद चाइनीज डिफेंस कंपनियों के शेयर गिरे, जबकि भारतीय रक्षा कंपनियों के स्टॉक्स में उछाल आया है। HAL के शेयरों में 14% का इज़ाफा हुआ है। यह भारत की सैन्य श्रेष्ठता का आर्थिक प्रमाण है। उन्होंने कहा कि चाइना की एंटी मिसाइल सिस्टम्स ने ऑपरेशन सिंदूर में पूरी तरह फेल होकर रह गईं, नहीं तो भारत 177 किमी भीतर जाकर हमला नहीं कर पाता।

सर्जिकल, एयरस्ट्राइक के बाद अब ऑपरेशन सिंदूर, एक निर्णायक सिलसिला

डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि 2016 में सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 में बालाकोट एयरस्ट्राइक और अब 2025 में ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की सेना और सुरक्षा नीति को नई ऊंचाई दी है। जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैय्यबा के ठिकानों को ध्वस्त कर यह साबित कर दिया गया है कि भारत अब केवल प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि निर्णायक जवाब देने में सक्षम है।

मोदी सरकार की 11 साल की क्रांतिकारी यात्रा

भाजपा सांसद ने कहा कि 2014 से 2025 तक का समय सिर्फ सरकार का बदलाव नहीं, बल्कि युग परिवर्तन का कालखंड है। इन 11 वर्षों में भारत ने चार अहम क्षेत्रों समृद्धि, सुरक्षा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव में ऐतिहासिक उपलब्धियां दर्ज की हैं।

उन्होंने बताया कि जनधन योजना से लेकर डिजिटल इंडिया तक करोड़ों लोगों को सशक्त किया गया। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत ढांचा मजबूत हुआ। आतंरिक सुरक्षा में युगांतकारी परिवर्तन हुआ। अब आतंकवाद दक्षिण कश्मीर के कुछ जिलों तक ही सीमित है। भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, तीसरा सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल उत्पादक और दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल उत्पादक देश बन चुका है। रक्षा उत्पादन ₹1.23 लाख करोड़ और निर्यात ₹23,000 करोड़ के पार पहुंचा है।

प्रदर्शनी के जरिए जनता से सीधा संवाद

मोदी सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए त्रिवेदी ने कहा कि यह प्रदर्शनियां जनता के साथ सरकार की नीतियों को साझा करने का माध्यम हैं। आगरा में आयोजित यह प्रदर्शनी युवाओं, छात्रों और उद्यमियों को विशेष रूप से केंद्र सरकार की योजनाओं और सफलताओं से अवगत कराएगी।

SP_Singh AURGURU Editor