भारतीय परिधानम् में बिखरेगा संस्कृति का इंद्रधनुष, ताज महोत्सव के मंच पर कल दिखेगी कई प्रांतों की आत्मा

आगरा। ताज महोत्सव के मुक्ताकाशीय मंच पर इस बार भारतीय संस्कृति की बहुरंगी छटा एक साथ देखने को मिलेगी। देश के विभिन्न प्रदेशों की वस्त्र परंपरा, लोक नृत्य, लोक संगीत और जीवन शैली को समेटे भारतीय परिधानम् नामक परिधान शो दर्शकों को एक सांस्कृतिक यात्रा पर ले जाएगा। करीब आधा दर्जन प्रस्तुतियों से सजा यह आयोजन परंपरा और आधुनिकता का अनूठा संगम होगा, जिसमें आगरा के अनुभवी और युवा फैशन डिजाइनर्स अपनी रचनात्मकता का प्रभावशाली प्रदर्शन करेंगे।

Feb 23, 2026 - 11:12
 0
भारतीय परिधानम् में बिखरेगा संस्कृति का इंद्रधनुष, ताज महोत्सव के मंच पर कल दिखेगी कई प्रांतों की आत्मा
ताज महोत्सव के अंतर्गत होने वाले परिधान शो के पोस्टर का विमोचन करते नंद नंदन गर्ग, महेश धाकड़ एवं अन्य।

संस्कार भारती आगरा महानगर द्वारा प्रस्तुत यह परिधान शो ताज महोत्सव-2026 के अंतर्गत 24 फरवरी, मंगलवार को सायं 3.00 बजे, टाटा ग्राउंड स्थित मुक्ताकाशीय मंच पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन रविवार को संस्कृति भवन में किया गया, जिसके मुख्य अतिथि प्रो. लवकुश मिश्रा रहे।

संस्कार भारती के ब्रज प्रांत महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग ने बताया कि कार्यक्रम में संस्कार भारती से जुड़े कलाकारों द्वारा विभिन्न प्रदेशों के लोक संगीत पर आधारित लोक नृत्यों की मनोहारी प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भारतीय परिधानम् शो होगा, जिसमें देश के अलग-अलग राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा को रैंप पर सजीव किया जाएगा।

संस्कार भारती आगरा महानगर के महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग ने बताया कि आईआईएफटी की फैशन डिजाइनिंग छात्राओं एवं संस्थान के पुरातन छात्रों द्वारा तैयार ब्रज और राजस्थानी परिधान दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे। वी लिपिका फैशन स्टूडियो की डिजाइनर लिपिका चड्ढा के मॉडल्स द्वारा पंजाबी संस्कृति से ओतप्रोत परिधान कैटवॉक के माध्यम से प्रस्तुत किए जाएंगे। वहीं संस्कृति क्रिएशंस की डिजाइनर नीतू सिंह मराठा संस्कृति को परिधानों में उकेरेंगी, जबकि भूमिका तिवारी के डिज़ाइन किए परिधान बंगाली फैशन और लाइफस्टाइल को प्रमुखता से दर्शाएंगे।

प्रस्तुति समन्वयक डॉ. महेश धाकड़ ने बताया कि शो में खूबसूरत मॉडल्स रैंप पर कैटवॉक के माध्यम से विभिन्न प्रदेशों की वस्त्र संस्कृति को जीवंत करेंगी। रैंप मॉडल्स में भूमिका तिवारी, तराना, जिंसी लाल, गौरी, प्रिया, कोमल, नव्या और दामिनी शामिल हैं। कार्यक्रम की एंकरिंग माही वी. कुमार करेंगी।

कार्यक्रम की संयोजिका नीता गर्ग और बबीता पाठक ने संयुक्त रूप से बताया कि समूह नृत्यों में संबंधित प्रदेशों के पर्व, परंपरा और लोक जीवन की झलक दिखाई जाएगी। इन प्रस्तुतियों के लिए उन्हीं प्रदेशों के परिधान और पारंपरिक श्रृंगार का प्रयोग किया जाएगा। संस्कार भारती की युवा सदस्याओं और किशोरियों को आगरा के चर्चित कोरियोग्राफर टोनी फास्टर ने विशेष प्रशिक्षण दिया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम की सह-संयोजिका अनीता भार्गव और मीना अग्रवाल, सहयोगी अनीता जैन और अंजू श्रीवास्तव, आईआईएफटी आगरा के सेंटर डायरेक्टर विनीत बवानिया, फैशन फैकल्टी कृति सिंह, डिजाइनर लिपिका चड्ढा, नीतू सिंह, फैशन कोरियोग्राफर अंशिका सक्सैना, मेकअप आर्टिस्ट मानवी मेहता, अमित अग्रवाल, इंजीनियर सुरेश चंद्र अग्रवाल, दीपक कपूर, इंजीनियर नीरज अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एस.एन. गर्ग, राजीव सिंघल, प्रदीप सिंघल, छीतर मल गर्ग और प्रेमचंद अग्रवाल (सुपारी वाले) सहयोगी के रूप में जुड़े हैं।

कार्यक्रम से संबंधित जानकारी के लिए नंद नंदन गर्ग- 9428879044, ओम स्वरूप गर्ग- 7060501100 और डॉ. महेश धाकड़- 9927100205 से सम्पर्क किया जा सकता है।

SP_Singh AURGURU Editor