संत रविदास की 650वीं जयंती पर आगरा पहुंचा ‘रज कलश’, कुबेरपुर में बैंड-बाजों, पुष्पवर्षा और आतिशबाजी से हुआ भव्य स्वागत, 22 स्थानों पर दर्शन के लिए स्थापित होगी पावन रज

आगरा। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में उनकी जन्मस्थली वाराणसी से निकली पवित्र रज कलश यात्रा का आगरा महानगर में भव्य स्वागत किया गया। चेतना स्तंभ मंदिर, कुबेरपुर में भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई के नेतृत्व में बैंड-बाजों, आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के साथ रथ का अभिनंदन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ संत रविदास महाराज की पावन रज के दर्शन किए।

Jul 30, 2026 - 22:25
 0
संत रविदास की 650वीं जयंती पर आगरा पहुंचा ‘रज कलश’, कुबेरपुर में बैंड-बाजों, पुष्पवर्षा और आतिशबाजी से हुआ भव्य स्वागत, 22 स्थानों पर दर्शन के लिए स्थापित होगी पावन रज
संत रविदास के रज कलश के आगरा पहुंचने पर कुबेरपुर में अपने सिर पर धारण किए भाजपा के महानगर अध्य़क्ष राज कुमार गुप्ता। साथ हैं विधायक डॊ. धर्मपाल सिंह।

संत रविदास महाराज की जन्मस्थली वाराणसी से 131 कलशों के साथ देशभर के लिए रवाना हुई रज कलश यात्राओं में आगरा महानगर का कलश लेकर पहुंचे रथ का भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में स्वागत किया गया। रथ में विराजमान संत शिरोमणि रविदास महाराज की पावन रज वाले कलश को पूरे सम्मान और वैदिक विधि के साथ मंदिर परिसर में स्थापित किया गया।

22 स्थानों पर होंगे पावन रज के दर्शन

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि कलश में लाई गई पवित्र रज को 22 भागों में विभाजित किया जाएगा। इसके बाद इन्हें आगरा महानगर के सभी मंडलों में दर्शनार्थ स्थापित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु संत रविदास महाराज की पावन रज के दर्शन कर सकें।

समरसता अभियान का हिस्सा है यह आयोजन

भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा पूरे देश में समरसता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश नेतृत्व के निर्देशन में संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर पवित्र रज कलश देशभर में भेजे गए हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सभी महापुरुषों और संतों का सम्मान करती है तथा पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता श्रद्धा और समर्पण के साथ ऐसे आयोजनों में भाग लेता है। आगरा में रज कलश के आगमन पर कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ स्वागत किया।

ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित

स्वागत कार्यक्रम में भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विषयक डॉ. धर्मपाल सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. राम बाबू हरित, रविकांत, राहुल सागर, हेमंत भोजवानी, महेश शर्मा, मनवीर चौहान, कुबेरपुर मंडल अध्यक्ष नरेंद्र सिकरवार, मनमोहन कुशवाह, रोहित कत्याल, राजेश अग्रवाल, करुणानिधि गर्ग, सुदेश बघेल, नंदी महाजन, बॉबी लाले, पवन सैनी, मुकेश गुप्ता, अनिल सारस्वत, हरिओम बघेल, योगेश दिवाकर, अमित बघेल, रवि भारद्वाज, देवेंद्र चौहान, श्रीनिवास सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor