ऑपरेशन सिंदूर पर राजनाथ का ऐलानः जारी रहेगा मिशन, सभी दलों को दी गई ब्रीफिंग
नई दिल्ली। भारत सरकार ने गुरुवार को बुलाई गई अहम सर्वदलीय बैठक में दो टूक स्पष्ट कर दिया कि ऑपरेशन सिंदूर फिलहाल रुकेगा नहीं, बल्कि पूरी ताकत से आगे बढ़ेगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी प्रमुख दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता विपक्ष राहुल गांधी समेत तमाम प्रमुख दलों के नेता मौजूद रहे। रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए सभी दलों को आश्वस्त किया कि देश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
रणनीति साझा नहीं की जाएगी
बैठक में जब कुछ विपक्षी नेताओं ने ऑपरेशन से जुड़ी आगे की रणनीतियों की जानकारी मांगी, तो रक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि कई रणनीतियां ऐसी हैं जिन्हें सुरक्षा कारणों से अभी साझा नहीं किया जा सकता। ऑपरेशन सिंदूर पूरी सतर्कता और दृढ़ता के साथ जारी रहेगा। रक्षा मंत्री ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे देश की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए एकजुटता दिखाएं और अनावश्यक बयानों से परहेज करें।
कूटनीतिक और सैन्य स्तर पर एक साथ मोर्चा
इधर भारत सरकार इस ऑपरेशन को केवल सैन्य स्तर पर ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कूटनीतिक दबाव के साथ भी आगे बढ़ा रही है। सरकार ने सीमावर्ती इलाकों में सेना की तैनाती बढ़ा दी है और खुफिया एजेंसियों को विशेष सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं।